
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। दो पहिया वाहन चोरी कर उन्हें दिल्ली के मायापुरी में कबाड़ी के यहां कटवाने वाले गिरोह का थाना बिसरख पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 3 चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की दो बाइक, एक स्कूटी बरामद की है। चोरी की बाइकों को लादकर ले जा रहे एक छोटा हाथी टेंपो को भी पुलिस ने सीज किया है।
नोएडा सेंट्रल जोन के एडीसीपी डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि थाना बिसरख प्रभारी अनिल राजपूत को सूचना मिली थी कि कुछ वाहन चोर चोरी की बाइकों को टेंपो में लादकर दिल्ली ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ नए हिंडन पुल पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर एक छोटा हाथी को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर आरोपी भाग निकले। लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम तालीम खान पुत्र अयूब खान, मोसीन पुत्र ताज मोहम्मद व राजू शर्मा पुत्र देवदत्त शर्मा बताया।
पुलिस में जब छोटे हाथी का डाला खुलवाया तो उसमें दो बाइक लदी हुई थी। आरोपियों ने कबूल किया कि दोनों बाइक चोरी की है और वह इन्हें कटवाने के लिए मायापुरी दिल्ली लेकर जा रहे थे। आरोपियों ने बताया कि वह मायापुरी में विपिन कबाड़ी को चोरी के वाहनों को बेचते हैं। राजू शर्मा ने बताया कि वह पहले विपिन कबाड़ी के व्हाट्सएप मोबाइल पर चोरी के वाहन की फोटो भेजते हैं और उसके बाद सौदा तय होने पर चोरी के वाहनों को उसके मायापुरी स्थित गोदाम में पहुंचा देते हैं। आरोपियों ने करीब 35 दोपहिया वाहनों को चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।