
Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। कमरे के बाहर गंदगी फैलाने का विरोध करना एक दंपत्ति को खासा महंगा पड़ा। पड़ोसी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर दंपत्ति के साथ जमकर मारपीट की और चाकू मारकर घायल कर दिया।
पीड़िता ने थाना दादरी में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कठहेड़ा रोड पर रहने वाली रुखसार पत्नी सानु ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला सलीम पुत्र रफीक व उसकी पत्नी उनके घर के बाहर गंदगी फैला देते हैं। इस बात को लेकर कई बार उन्हें मना किया गया। गत दिनों सलीम और उसकी पत्नी ने उनके घर के बाहर कूड़ा फेंक दिया जिसका विरोध करने पर सलीम व उसकी पत्नी ने उनके साथ मारपीट की।
इस दौरान सलीम ने चाकू से रूखसार के पति सानु पर जानलेवा हमला कर दिया। चाकू लगने से सानु घायल हो गया। उसका दिल्ली के अस्प्ताल में इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
थाना दनकौर क्षेत्र के पीपलका गांव के पास 4 बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन व सोने की चेन लूट ली। पीडि़त ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीपलका गांव निवासी सर्वेश कुमार ने बताया कि वह 27 जून को गांव की पुलिया के पास टहल रहे थे।
इस दौरान चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और छीना झपटी करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की इस दौरान बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन व मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश की जा रही है। Noida News