
Noida News: ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। सेक्टर-150 स्थित समृद्धि अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल से गिरकर एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मजदूर 12वीं मंजिल पर पत्थर घिसाई का काम कर रहा था इस दौरान संतुलन बिगडऩे के कारण वह नीचे जमीन पर आ गिरा।
मूलरूप से मधेपुरा बिहार निवासी मिथिलेश पत्थर घिसाई का काम करता था। मंगलवार को वह समृद्धि अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल पर काम कर रहा था। इस दौरान अचानक पैर फिसलने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 12वीं मंजिल से नीचे जमीन पर आ गया। गंभीर स्थिति में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना नॉलेज पार्क प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। इस संबंध में अभी परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।