
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। चिपयाना गांव में बिजली के फाल्ट को दूर करने के लिए खंभे पर चढ़ा लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे लाइनमैन की मौत हो गई। वहीं बिजली का करंट लगने के बाद उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराए गए एक व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया।
मूल रूप से मुरादाबाद निवासी रवि कुमार पुत्र पप्पू सिंह बिजली विभाग में संविदा पर लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। देर शाम को चिपयाना गांव में बिजली फाल्ट को दूर करने के लिए वह खंभे पर चढ़ा था। इस दौरान अचानक करंट आने से वह बुरी तरह झुलस गया और खंभे से नीचे गिर गया। रवि कुमार को उसके साथी उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुरादाबाद निवासी रवि कुमार अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ साईं गार्डन में रह रहा था। उसकी मौत के बाद से परिजनों का हाल बेहाल है। वहींं थाना जेवर क्षेत्र के एक अस्पताल में करंट लगने से उपचार के लिए भर्ती कराए गए हरेंद्र कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अलग-अलग स्थानों पर हुए सडक़ हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त पंजाब निवासी नारायण पुत्र सुनील के रूप में हुई है। नारायण नोएडा की एक कंपनी में काम करता था।
थाना सेक्टर-142 क्षेत्र के एक्सप्रेस वे पर सडक़ पार करने के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे फेलिक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उधर, थाना बिसरख क्षेत्र में सडक़ हादसे में तौफीक की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
गंभीर स्थिति में किसी राहगीर द्वारा जिम्स अस्पताल में भर्ती कराए गए एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि गत 12 जून को किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक व्यक्ति को गंभीर स्थिति में जिम्स अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया था। उपचार के दौरान बीती शाम उक्त व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। Noida News