
Noida News/ ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना सूरजपुर क्षेत्र के साइड बी औद्योगिक क्षेत्र में कंपनी के बंटवारे को लेकर सगे भाइयों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मूलरूप से कादीपुर थाना भोपा मुजफ्फरनगर निवासी वीरेंद्र व उनके भाई रविंद्र की साइड बी औद्योगिक क्षेत्र में एक कंपनी है। इस कंपनी के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच पिछले काफी समय से मनमुटाव चल रहा है।
आज सुबह दोनों भाई कंपनी पहुंचे और बंटवारे को लेकर उनके बीच वाद विवाद हो गया। इस दौरान वीरेंद्र का बेटा विजयपाल तथा रविंद्र का पुत्र वैभव व एक अन्य व्यक्ति देवेंद्र पाल भी मौके पर पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई जो थोड़ी देर में मारपीट में तब्दील हो गई।
इस दौरान किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना थाना सूरजपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस पांचों आरोपियों को थाने ले आई। पुलिस ने इनके खिलाफ शांति भंग की धारा के तहत मामला दर्ज किया है।