नोएडा। मेट्रो में सवार होकर यात्रियों के पर्स, मोबाइल व कीमती सामान चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के एक शातिर बदमाश को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जबकि इसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना सेक्टर-39 पुलिस बीती रात्रि सेक्टर 41 चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बदमाश तेजी से भाग निकले। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जिस कारण दोनों बदमाश बाइक से गिर पड़े। घायल बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम अमित पुत्र सुरेश निवासी जहांगीरपुर बुलंदशहर व अपने फरार साथी का नाम किशोर बताया। तलाशी में इसके पास से लूटे गए दो मोबाइल फोन, तमंचा, कारतूस बरामद हुए।
एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश के खिलाफ नोएडा, गाजियाबाद, एनसीआर में एक दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। अमित व उसके साथी मेट्रो में सवार होकर यात्रियों के मोबाइल,पर्स व अन्य सामान को चोरी करते थे। चोरी करने के बाद यह स्टेशन पर उतर कर दूसरी मेट्रो में सवार होकर घटनास्थल से निकल जाते थे। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
नोएडा ग्रेटर– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिएचेतना मंचसे जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।