
Noida News Update / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। प्रसिद्ध एयरलाइंस कंपनी में मैनेजर के तौर पर तैनात एक व्यक्ति की उसी की कार में लाश मिलने से हडक़ंप मचा हुआ है। बिसरख थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही हैं। बिसरख थाने की पुलिस पूरे मामले की अनेक एंगल से जांच कर रही है।
विस्तारा एयरलाइंस (Vistara Airlines) के मैनेजर ने पत्नी से झगड़े के बाद अपनी कार में बैठ कर आत्महत्या कर ली। कार में नींद की गोलियों के खाली पत्ते और ब्लैक हिट पड़ा मिला है। कार के अंदर से एक सुसाइड नोट भी मिला है। मृतक की पत्नी अपने बेटे के साथ अपने मायके में रह रही थी।
बिसरख थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि आज सुबह डॉयल-112 पर सूचना मिली कि ला रेजिडेंशिया सोसाइटी के टॉवर टी में अपने पिता चंद्रमोहन के साथ रहने वाला निशांत अपनी कार में मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कार में ब्लैक हिट की बोतल के अलावा नींद की दवाइयों के खाली पत्ते पड़े हुए थे।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि निशांत गुरुग्राम स्थित विस्तारा एयरलाइंस (Vistara Airlines) में काम करता था। 27 अप्रैल को वह अपने घर से अपने ऑफिस जाने के लिए निकला था लेकिन ऑफिस नहीं पहुंचा। आज सुबह उसकी गाड़ी सोसायटी के अंदर किसी अन्य पार्किंग में खड़ी मिली। गाड़ी अंदर से लॉक थी और निशांत ड्राईवर सीट पर मृत पड़ा हुआ था। मृतक के पिता ने डुप्लीकेट चॉबी से गाड़ी का लॉक खोल लिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो कार से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें निशांत ने लिखा कि वह अपनी जिंदगी से तंग आकर आत्महत्या कर रहा है। उसने आत्महत्या के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि निशांत का अपनी पत्नी विशाखा से पिछले काफी समय से झगड़ा चल रहा है। इस कारण विशाखा अपने बेटे के साथ अपने मायके कोटा में रह रही है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद ला रेजिडेंशिया सोसाइटी में हडक़ंप मचा हुआ है। सुसाइड नोट के आधार पर यह मामला सीधे-सीधे आत्महत्या का लग रहा है। फिर भी पुलिस मामले की अनेक पहलुओं से जांच कर रही है।