
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है। एक ऐसी हरकत, जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे। पुलिस कर्मियों ने एक ऐसा काम कर दिया, जिससे पुलिस की छवि धुमिल हुई है।
मामला दादरी कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है। गौर अतुल्यम अपार्टमेंट ओमीक्रॉन प्रथम ग्रेटर नोएडा निवासी शशांक सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह 21 फरवरी की रात्रि को अपार्टमेंट के पास की मार्केट में कार में बैठकर अपने दोस्त चेतन शर्मा का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान गौर अतुल्यम अपार्टमेंट का सिक्योरिटी मैनेजर मोहित कुमार 3 लोगों के साथ आया और जबरन उनकी कार का गेट खुलवाकर कार की चाबी निकाल ली। इस बात का विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए। सिक्योरिटी मैनेजर ने अपनी जान पहचान के पांच छह पुलिसकर्मियों को अजायबपुर चौकी से बुला लिया जिस पर उन्होंने भी 112 नंबर पर कॉल किया, लेकिन उनकी कॉल पर कोई रिस्पांस नहीं दिया गया।
मोहित कुमार द्वारा बुलाए गए पुलिसकर्मी सादी वर्दी में थे। इनमें से एक ने अपना नाम सब इंस्पेक्टर अनूप दीक्षित बताया। शशांक सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने अनूप दीक्षित को सारे वाक्य की जानकारी दी तो उन्होंने उल्टा उसे ही धमकाना और पीटना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे उनके दोस्त चेतन शर्मा व उन्हें अनूप दीक्षित तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने जिप्सी में बैठा लिया और आजायबपुर पुलिस चौकी ले गए। चौकी में उनके साथ पट्टे व लात-घूंसों से मारपीट की गई। पिटाई की वजह से उनका कान का पर्दा फट गया।
शशांक सिंह ने बताया कि इस दौरान वह बार-बार गुहार लगाते रहे कि वह ब्लड कैंसर के मरीज है और उसकी दवाई नियमित रूप से चल रही हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी दवाई उन्हें नहीं खाने दी और ना ही परिवार वालों से बातचीत करने दी। उन्होंने जब अपने वकील से बात करने की बात कही तो पुलिसकर्मियों ने उनके फोन को जब्त कर लिया।
शशांक ने बताया कि उसे रातभर थाने में रख कर प्रताडि़त कर गाली गलौज और मारपीट की गई। शशांक ने बताया कि उन्होंने 1 मार्च को इस मामले की शिकायत थाना दादरी व पुलिस आयुक्त कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। दादरी थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर सिक्योरिटी मैनेजर मोहित कुमार, उपनिरीक्षक अनूप दीक्षित, तीन अज्ञात गार्ड व तीन अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की मीडिया सेल ओर से बताया गया कि प्रकरण 21 फरवरी 2023 का है। रात करीब 11 बजे गौर अतुल्यम अपार्टमेंट के गेट पर शराब पीकर हंगामा करने की सूचना वहां गौर अतुल्यम सिक्योरिटी मैनेजर मोहित द्वारा द्वारा तत्कालीन चौकी प्रभारी को दी गई थी। सूचना पर चौकी प्रभारी मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। जहां उनके द्वारा वादी को समझाने का प्रयास किया, जोकि नशे की हालत में थे। पुलिस द्वारा समझाने के उपरांत भी न मानने पर वादी का मेडिकल कराया गया, जिसमे शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस द्वारा उक्त वादी के विरुद्ध 151 सीआरपीसी अंतर्गत शांतभंग में कार्यवाही की गई। वादी द्वारा कोर्ट में प्रकरण के संबंध में प्रार्थनापत्र दिया था। प्रथम दृष्टया प्रकरण संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। कोर्ट के आदेश पर 156(3) के अंर्तगत गौर अतुल्यम अपार्टमेंट के सिक्योरिटी मैनेजर, तीन गार्ड, तत्कालीन चौकी प्रभारी अजायबपुर व तीन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। Noida News
नोएडा ग्रेटर- नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।
#NoidaNews #NoidaNewsinhindi #NoidaPolice