
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ट्रिडेंट एंबेसी सोसायटी में अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन के चुनाव को लेकर बढ़ी रंजिश ने हिंसक मोड़ ले लिया। 17 सितंबर की देर रात सोसायटी के एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट के सदस्यों पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। Greater Noida News
पीड़ित विपिन वत्स ने थाना बिसरख में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सोसायटी में चुनाव को लेकर धर्मेंद्र भाटी और उनके परिवार के सदस्य उनके खिलाफ पूर्वाग्रह रखते थे। विपिन के अनुसार, 17 तारीख की रात करीब 8:30 बजे धर्मेंद्र भाटी, उनका पुत्र तुषार भाटी, चिराग भाटी और अनिल शर्मा मार्केट में खड़े विपिन और उनके साथियों पर अचानक टूट पड़े। गाली-गलौज के बाद उन्होंने लात-घूसों और मार्केट में रखी कुर्सियों से हमला किया। पीड़ित ने कहा कि धर्मेंद्र भाटी ने धमकी दी कि अगर सोसायटी में उनका विरोध किया गया तो जान से मार दिया जाएगा। यह पूरी घटना सोसायटी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। थाना बिसरख पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Greater Noida News