ग्रेटर नोएडा में बड़ा जमीन घोटाला, महिला से लाखों की ठगी
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 11:08 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 11:08 PM
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में रहने वाली एक महिला से प्लॉट दिलाने के नाम पर 23.65 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने जो प्लॉट उसके नाम रजिस्ट्री कराया उसे पहले दो अन्य लोगों को भी बेच चुका था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। Greater Noida News
ठगी जीवनभर की जमा पूंजी
साइन उपवन सोसाइटी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रहने वाली दीपा राघव ने बताया कि दिसंबर 2023 में दिलशाद नामक व्यक्ति ने उन्हें एक प्लॉट दिखाया और दावा किया कि प्लॉट मालिक इसे बेचना चाहता है। इसके बाद दिलशाद ने उन्हें सुभाष यादव से मिलवाया जो खुद को प्लॉट का मालिक बता रहा था। प्लॉट की कीमत 23,65,000 रुपये तय हुई और दीपा ने यह रकम किश्तों में अदा कर दी। बाद में उन्होंने प्लॉट पर बाउंड्री कराने की कोशिश की तो मौके पर कुछ अन्य लोग पहुंचे और दावा किया कि वही प्लॉट उन्होंने पहले ही खरीद रखा है।
पहले से दो बार बिक चुका था वही प्लॉट
जांच करने पर दीपा को पता चला कि जिस प्लॉट की रजिस्ट्री उनके नाम हुई थी उसे सुभाष यादव पहले ही दो बार अन्य लोगों को बेच चुका था। जब उन्होंने सुभाष और उसके साथी महेंद्र यादव से बात की तो उन्होंने पैसे वापस लौटाने का आश्वासन दिया और इस पर एक लिखित समझौता भी किया गया लेकिन इसके बावजूद राशि वापस नहीं की गई। दीपा का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन की पूरी जमा पूंजी इस प्लॉट में लगा दी थी लेकिन अब वह खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं।
दीपा राघव ने इस मामले की शिकायत डीसीपी कार्यालय में की, जिसके बाद अधिकारी के निर्देश पर थाना बिसरख पुलिस ने दिलशाद, सुभाष यादव और महेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (अमानत में खयानत) और 120बी (साजिश) समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है। Greater Noida News