Greater Noida: खुद को बैंक मैनेजर बता कर शोरूम से एसी मंगवाने वाला जालसाज बिना पैसे दिए एसी को लेकर रफू चक्कर हो गया। शोरूम संचालक ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाना जेवर में मुकदमा दर्ज कराया है।
टप्पल रोड पर जैन इंटर कॉलेज के सामने हरि जी फर्नीचर का शोरूम चलने वाले ललित कुमार अग्रवाल ने बताया कि 23 फरवरी को उनके मोबाइल पर अमित कुमार नामक व्यक्ति की कॉल आई। उक्त व्यक्ति ने उनसे एसी के रेट पूछने के बाद एक एसी खुर्जा रोड पर पंजाब सिंध बैंक के बाहर पहुंचाने को कहा। अमित कुमार ने खुद को बैंक मैनेजर बताते हुए कहा कि वह रिक्शा चालक को एसी की पेमेंट कर देगा।
ललित कुमार अग्रवाल के मुताबिक उन्होंने रिक्शा में लोड कर एसी को बताए गए पतेे पर भेज दिया। बैंक के बाहर रिक्शा चालक को दो व्यक्ति मिले इनमें से एक व्यक्ति रिक्शा चालक को बैंक से थोड़ी दूर ले गया वहां एसी उतरवाने के बाद उसने रिक्शा चालक को कहा कि वह बैंक में जाकर मैनेजर साहब से पेमेंट ले ले। रिक्शा चालक जब बैंक में पैसे लेने पहुंचा तो पता चला कि वहां अमित कुमार नाम का कोई व्यक्ति मैनेजर नहीं है।
इसके बाद रिक्शा चालक ने इसकी जानकारी शोरूम संचालक ललित कुमार अग्रवाल को दी। ठगे जाने का एहसास होने पर ललित कुमार ने थाना जेवर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी व गबन का मामला दर्ज कराया है।