
Greater Noida : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा शहर में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू के आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसको देखते हुए नोएडा (गौतमबुद्धनगर) पुलिस कमिश्नरेट ने ग्रेटर नोएडा प्राइवेट ड्रोन के संचालन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वालीे इस अंतर्राष्ट्रीय मेले में देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य कई विशिष्ट व्यक्तियों के आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश में उत्तर प्रदेश की संस्कृति, खानपान, पारंपरिक विरासत, पारंपरिक उत्पादन का प्रदर्शन विशेष तौर पर किया जाएगा। इसको सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के साथ ही जिला प्रशासन व गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट जुटा हुआ है।
ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में आगामी 21 सितंबर से आयोजित होने वाले इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर ड्रोन के संचालन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। इस प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर आरोपी के खिलाफ धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस उपायुक्त कानून एवं व्यवस्था हृदयेश कठेरिया ने बताया कि आगामी 21 सितंबर से 25 सितंबर तक आयोजित होने वाले इंटरनेशनल ट्रेड शो में राष्ट्रपति सहित अति विशिष्ट अतिथियों के आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनकी सुरक्षा के मद्देनजर प्राइवेट ड्रोन के संचालन पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है। यह पाबंदी 21 सितंबर से 26 सितंबर लागू रहेगी। उन्होंने बताया की धारा 144 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत किसी भी व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा ड्रोन के संचालन पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है। इस निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा। Greater Noida