
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा । ब्याज पर पैसे देने का झांसा देकर प्राइवेट फाइनेंसरों ने एक उद्यमी से उसकी रेंज रोवर (Range Rover) कार हड़प ली। ब्याज पर पैसे ना मिलने पर उद्यमी ने जब अपनी कार और सिक्योरिटी के रूप में दिए गए चेक को वापस मांगा तो आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए झूठे मुकदमे में फंसवाने व जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त ने इस संबंध में दो आरोपियों के खिलाफ थाना बादलपुर में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम सादोपुर निवासी आयुष चौधरी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी फर्म मैसर्स चौधरी इंटरप्राइजेज (M/s Choudhary Enterprises) में प्रतिवर्ष लगभग 40 करोड रुपए का फूड ग्रेंस का व्यापार करता है। कुछ समय पूर्व उसे अपने व्यापार के लिए 70 लाख रुपए की आवश्यकता पड़ी। इस दौरान उसने 17 अक्टूबर 2024 को अपने परिचित सोनू सिंह निवासी ग्राम कचेड़ा तथा महेश कुमार निवासी ग्राम इकला गाजियाबाद से संपर्क किया। सोनू और महेश कुमार दोनों इंटरेस्ट पर फाइनेंस का काम करते थे। बातचीत के बाद सोनू व महेश ने तीन प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज की दर से उसे 65 लाख रुपए फाइनेंस कर पैसा देने का आश्वासन दिया। सिक्योरिटी के तौर पर उन्होंने 90 लाख रुपए की उसकी नई रेंज रोवर कार व 65 लाख रुपए का पोस्ट डेटेड चेक ले लिया। 18 अक्टूबर को 100 रुपए के दो स्टांप पेपर पर एक एग्रीमेंट तैयार किया गया। सोनू व महेश ने 19 अक्टूबर को एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने के बाद उसके खाते में फाइनेंस का पैसा ट्रांसफर करने का आश्वासन दिया।
पीडि़त का आरोप है कि सोनू व महेश ने सिक्योरिटी के रूप में उसकी कार व पोस्ट डेटेड चेक (Post dated cheque) लेने के बाद भी उसके खाते में पैसे ट्रांसफर नहीं किए। आरोपी उसे लगातार ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने तथा आरटीजीएस करने का आश्वासन देते रहे। उसने कई बार दोनों से फोन पर बात करने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद वह अपने पिता के साथ सोनू सिंह के घर कचेडा गांव पहुंचा और पैसे ना देने पर सिक्योरिटी के रूप में दी गई अपनी कार व पोस्ट डेटेड चेक वापस मांगे। सोनू ने कार व चेक लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो सोनू ने उन्हें धमकी दी कि उसकी कार से एक दो मर्डर कर पिता पुत्र को फंसा दिया जाएगा।
सोनू ने कहा कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की तो उसके परिवार के सदस्यों को जान से मरवा दिया जाएगा। सोनू ने कहा कि एग्रीमेंट के मुताबिक वह उसके 65 लाख रुपए वापस कर दे नहीं तो अंजाम ठीक नहीं होगा। पीडि़त के मुताबिक आरोपी बिना पैसे दिए उस पर 65 लाख रुपए वापस करने का दवाब बना रहे हैं। पैसे ना देने पर उसे झूठे मुकदमे में फसाने तथा जान से मारने की धमकियां दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। यह मामला न्यायालय के निर्देश पर दर्ज किया गया है। Greater Noida :