ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज-2 सोसाइटी के टावर बी-8 में रहने वाले लोग पिछले करीब दो महीने से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।

Greater Noida West News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज-2 सोसाइटी के टावर बी-8 में रहने वाले लोग पिछले करीब दो महीने से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद मेंटेनेंस टीम समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रही है। पानी जैसी मूलभूत सुविधा प्रभावित होने से सैकड़ों परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कभी पानी का प्रेशर कम रहता है तो कभी सप्लाई पूरी तरह बाधित हो जाती है। रोजमर्रा के कामों से लेकर बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों तक पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि मेंटेनेंस विभाग की लापरवाही के कारण समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
Greater Noida West News
टावर बी-8 के निवासियों का आरोप है कि समस्या की जानकारी कई बार मेंटेनेंस विभाग को दी गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। उनका कहना है कि पाइपलाइन, पानी की सप्लाई व्यवस्था और तकनीकी खामियों की जांच कर स्थायी समाधान निकालने के बजाय जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की जा रही है। निवासियों के मुताबिक, पानी की समस्या को लेकर अलग-अलग कारण बताए जाते हैं, लेकिन वास्तविक स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि सोसाइटी में मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी मेंटेनेंस प्रबंधन की है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
Greater Noida West News
लंबे समय से परेशान टावर बी-8 के निवासियों ने अब प्रशासनिक स्तर पर शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, निवासियों ने एसआई अंकित को लिखित ज्ञापन सौंपकर पानी की समस्या और मेंटेनेंस व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
एसआई अंकित ने मामले को वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। निवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान कराया जाएगा। सुपरटेक इको विलेज-2 में पानी की गुणवत्ता और सप्लाई को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2024 में सोसाइटी के कई टावरों में कथित रूप से दूषित पानी की शिकायत के बाद कई निवासी बीमार हुए थे और प्रशासनिक स्तर पर जांच की गई थी।
Greater Noida West News
टावर बी-8 के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे मेंटेनेंस प्रबंधन के खिलाफ बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। निवासियों का कहना है कि फ्लैट मालिक नियमित रूप से मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान करते हैं, ऐसे में उन्हें पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान कराने की मांग की है।
Greater Noida West News
विज्ञापन