Greater Noida News: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में इन दिनों लोगों के बीच विवाद की घटनाएं सामने आ रही है। ऐसा ही एक मामला ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र में आया है। जहां पर एक ही समाज के दो पक्ष के बीच तलवारें चल गई। इस खूनी संघर्ष में एक पक्ष का युवक तलवार लगने से कट गया। उसे खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
छह लोगों ने घर में घुसकर किया तलवार से हमला
ग्रेटर नोएडा के गांव शादीपुर छिडौली निवासी नसरत ने बताया कि उसके समाज के दिलशाद, चांद, दीन मोहम्मद, अनस, शहनाज खुर्शीद, जो कि एक ही परिवार के हैं। बीती 19 जून को सभी ने एक साथ मिलकर उनके घर में घुसकर तलवार से हमला कर दिया। इस हमला में कई तलवारें उनके भाई जुबेर को लग गई। इसमें जुबेर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की सूचना तत्काल ग्रेटर नोएडा पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से भाई जुबेर को पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों द्वारा बताया गया कि उनके भाई का खून ज्यादा बह गया है। इससे उनके भाई का बचना मुस्किल है। अब भाई का मोहन स्वरूप अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हत्या की नियत से किया गया हमला
पीड़ित भाई नसरत ने बताया कि घटना के समय वह और उनके परिवार के सदस्य बाहर थे। घर पर उनका भाई अकेला था। इस बीच मौका पाकर आधा दर्जन आरोपियों ने उनके भाई पर जान से मारने की नियत से तलवार से हमला कर दिया। कई तलवारें लगने से उनके भाई के शरीर पर आधा दर्जन से अधिक जख्म हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। ग्रेटर नोएडा पुलिस के पहुंचने से पहले ही उनके भाई को हत्यारोपी मरणासन्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। भाई को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिर गंभीर हालत देख निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनकी हालत अत्यंत गंभीर है।
क्या कहना है ग्रेटर नोएडा पुलिस का
पुलिस कहना है कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर गंभीर धाराओं में हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में आधा दर्जन आरोपियों को नाम दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। सभी आरोपी घर से फरार हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किय जाएगा। पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर हमला करने की आशंका व्यक्त की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पकड़े जाने पर पूरी घटना का विवरण सामने आ जाएगा।