गली-गली में ग्रेटर नोएडा की हो रही खूब चर्चा, आखिर क्या है पूरा मामला?
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 04:03 PM
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने न सिर्फ ग्रेटर नोएडा के लोगों को हैरान कर दिया बल्कि सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी है। ग्रेटर नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र के ऊंची दनकौर मोहल्ले में रहने वाले एक युवक को सोमवार शाम उस वक्त गहरा झटका लगा जब उसे अपनी दिवंगत मां के बैंक खाते में 1 लाख 13 हजार 56 करोड़ रुपये (₹1,13,56,00,00,00,000) जमा होने का मैसेज मिला। जी हां, रकम इतनी बड़ी थी कि मोबाइल स्क्रीन पर 36 अंकों की राशि देखकर युवक को अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ। Greater Noida Samachar
मृतक के बेटे को मिला चौंकाने वाला SMS
ग्रेटर नोएडा के दनकौर के इस पूरे मामले की शुरुआत उस वक्त हुई जब 20 वर्षीय दीपक कुमार (जो अपनी मां गायत्री देवी के कोटक महिंद्रा बैंक अकाउंट से जुड़े UPI का इस्तेमाल कर रहे थे) को एक SMS मिला। इसमें लिखा था कि खाते में बड़ी रकम क्रेडिट हुई है। दीपक के मुताबिक उनकी मां की दो महीने पहले मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उनका बैंक खाता अब भी सक्रिय था और वह उसी से यूपीआई पेमेंट कर रहे थे। सोमवार को जब उन्होंने एक पेमेंट ट्राई किया तो वह फेल हो गया। इसके बाद उन्होंने बैलेंस चेक किया और तभी स्क्रीन पर वह हैरान कर देने वाली रकम दिखाई दी।
बैंक ने खाता तुरंत किया फ्रीज
राशि की जानकारी मिलते ही दीपक बैंक की स्थानीय शाखा पहुंचे लेकिन बैंक अधिकारियों ने इस बारे में ज्यादा कुछ कहने से इनकार कर दिया। हालांकि उन्होंने खाते को तुरंत फ्रीज कर दिया और मामला आयकर विभाग को सौंप दिया है। सूत्रों के मुताबिक, बैंक ने इस असामान्य लेन-देन की गंभीरता को देखते हुए सभी लेनदेन पर रोक लगा दी है।
पुलिस को नहीं मिली आधिकारिक जानकारी
इस मामले को लेकर आयकर विभाग ने अपनी जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर इतनी बड़ी राशि कहां से और कैसे मृत महिला के खाते में ट्रांसफर की गई। हालांकि, अभी तक इस मामले में स्थानीय पुलिस को कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। दनकौर कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया, "हमें अभी इस मामले की कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है। अगर शिकायत मिलती है तो जांच की जाएगी।"
इस घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई है। हर गली और चौराहे पर यही चर्चा हो रही है कि आखिर एक मृत महिला के खाते में इतनी मोटी रकम कैसे और क्यों आई? कुछ लोग इसे तकनीकी गड़बड़ी मान रहे हैं तो कुछ के मुताबिक यह मनी लॉन्ड्रिंग का मामला हो सकता है। दीपक ने बताया कि फिलहाल वह इस मामले को लेकर काफी घबराए हुए हैं और उन्हें डर है कि कहीं इसके लिए उन्हें किसी तरह की कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े। Greater Noida Samachar