ग्रेटर नोएडा में सुबह-सुबह धॉय-धॉय ,मुठभेड़ में घायल हुए दो बदमाश, पैर में लगी गोली
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 01:40 AM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में बृहस्पतिवार सुबह-सुबह धॉय-धॉय की आवाज गूंज उठी। थाना दनकौर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान चली गोली से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। गिरफ्तार बदमाशों ने निर्माणाधीन बिजली घर में कीमती उपकरण चोरी किए थे। वहीं थाना सेक्टर-39 में भी देर रात चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया। जबकि चार बदमाशों को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।
ग्रेटर नोएडा में थाना दनकौर पुलिस द्वारा आज सुबह ग्राम बल्लूखेड़ा जाने वाले रास्ते पर चेकिंग की जा रही थी, तभी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को आता देखकर पुलिस टीम द्वारा रूकने का इशारा किया गया तो मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने रूकने के बजाय मोटरसाइकिल को तेजी से चलाते हुए भागने लगे।
मुठभेड़ में 5 बदमाश गिरफ्तार
पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की। पुलिस टीम द्वारा की गयी जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गये। घायल बदमाशों की पहचान पंकज पुत्र बिजेन्द्र उम्र 34 वर्ष निवासी कैलाश नगर, थाना विजय नगर, जिला गाजियाबाद वर्तमान निवासी लड़पुरा, थाना कासना, गौतमबुद्धनगर व सत्यवीर पुत्र भजनलाल उम्र 23 वर्ष निवासी गिरधरपुर, थाना कासना, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुयी है। बदमाशों के कब्जे से 02 अवैध तमंचे मय 02 खोखा कारतूस व 04 जिन्दा कारतूस, 01 बिना नम्बर प्लेट लगी मोटरसाइकिल व 01 चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुई है। दोनों बदमाश ने बीते दिनों यंगटांग कम्पनी के पास निर्माणाधीन बिजली घर से कीमती उपकरण चोरी कर लिये थे।
वहीं दूसरी मुठभेड़ देर रात थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में हुई। थाना सेक्टर-39 पुलिस द्वारा चौकी सदरपुर के पास चेकिंग की जा रही थी, तभी एक छोटा हाथी(टाटा ऐस) बिना नम्बर प्लेट व एक ब्रेजा कार में कुछ संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिये, जिन्हें चेकिंग के लिए रोकने का इशारा किया गया, परन्तु वह नहीं रुके और सेक्टर-42 की तरफ भागने लगे।
पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर बदमाश स्वयं को घिरते देखकर छोटे हाथी व ब्रेजा कार को छोडकर जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायर किया। पुलिस टीम द्वारा की गयी जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान सुमित उर्फ बिल्ला पुत्र सुरेश राम निवासी मिसौरी, थाना कोतवाली, जिला खगडिया, बिहार वर्तमान पता ग्राम मदनपुर, थाना सरिता विहार, दिल्ली के रूप में हुयी है।
जिसके कब्जे से 1 अवैध तमंचा मय 1 जिंदा कारतूस व 1 खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस टीम द्वारा कांबिंग के दौरान ब्रेजा कार छोडक़र भागे बदमाश अनुप पाल उर्फ चिकना पुत्र अशोक पाल निवासी ग्राम पिपला, थाना हजरतपुर, जिला बदाँयू वर्तमान पता ग्राम मदनपुर, थाना सरिता विहार, दिल्ली, प्रवीण उर्फ शूटर पुत्र रामसिंह निवासी मदनपुर खादर, थाना सरिता विहार, दिल्ली, कोविन्द पुत्र लक्ष्मी साहनी निवासी गौरीपुर, थाना जावकोठी, जनपद बेगुसराय, बिहार वर्तमान पता जसौला, थाना जसौला, दिल्ली एवं शहनवाज उर्फ नन्नू पुत्र लियाकत अली कुरैशी निवासी केला भट्टा, थाना कोतवाली, गाजियाबाद वर्तमान पता द्वारिकापुरी, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों के कब्जे से एक ब्रेजा कार, एक छोटा हाथी (टाटा ऐस), दो लोहा काटने वाली आरी, एक रस्सा लोहे का हुक लगा हुआ, चार बण्डल केबिल व 2 कट्टे केबिल की रबड़ बरामद हुई है। Greater Noida News