
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा और नोएडा में चोरों की बारात उतर आई है। पिछले 24 घंटों के दौरान चोरों ने 5 अलग-अलग स्थानों पर चोरी की चार वारदातों को अंजाम देकर लाखों रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित लोगों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
ग्राम जलपुरा में व्यापारी वाली गली में रहने वाले प्रकाश कुमार मिश्रा ने थाना ईकोटेक 3 पुलिस से की शिकायत में बताया कि वह गत 26 अगस्त को अपने परिवार के साथ वृंदावन दर्शन करने के लिए गए थे। 27 अगस्त को जब वह वापस लौटे तो उन्हें घर से 37000 रुपये नकद, मंगलसूत्र, नथिया, टीका, झुमका, पायल आदि गायब मिले। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर पता चला कि कुछ युवक दोपहर के समय उनके मकान की रेकी कर रहे थे। शाम के समय उनके मकान के पीछे बन रहे निर्माणाधीन मकान से चढक़र चोरों ने उनके घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
थाना दादरी के सरस्वती विहार कॉलोनी में रहने वाले सुनील कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह 31 अगस्त को अपने परिवार सहित अपने पैतृक गांव चुहरपुर थाना गभाना जनपद अलीगढ़ गए थे। 1 सितंबर की दोपहर को उनके भांजे ने फोन कर बताया कि उनके घर का गेट खुला हुआ और सामान बिखरा पड़ा है। वह तुरंत अपने घर पहुंचे तो पता चला कि चोरों ने घर में रखी नगदी और ज्वैलरी पर हाथ साफ कर दिया है। चोर घर से सोने की चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र, झुमके, पाजेब व 2 लाख रुपये चोरी कर ले गए।
थाना बिसरख में यूसुफपुर चक साबेरी निवासी राजेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि चोर शुक्रवार की रात उनके घर से तीन मोबाइल फोन,पर्स आदि को चोरी कर ले गए हैं। वहीं थाना बीटा 2 क्षेत्र के सेक्टर सिग्मा 4 में चोरों ने मोकीम अशरफ के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर उनके घर से नगदी व जेवरात को चोरी कर ले गए। चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरो की डीवीआर को भी अपने साथ ले गए।
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक 3 क्षेत्र के हबीबपुर गांव में लगे एयरटेल के टावर से चोरों ने आरआरवी उपकरण चोरी कर लिए। कंपनी के टेक्नीशियन की शिकायत पर पुलिस ने क्या कर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिवम इन्फोकॉम प्राइवेट लिमिटेड में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत पंकज कुमार राय ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एयरटेल कंपनी का एक टावर ग्राम हबीबपुर में केशव के मकान की छत पर लगा हुआ है। गत 17 अगस्त को उसके पास कंपनी से सूचना आई कि उक्त साइड डाउन आ रही है। इस सूचना के आधार पर उन्होंने हबीबपुर पहुंचकर टावर की जांच पड़ताल की तो पता चला कि दो आरआरवी उपकरण गायब हैं। Greater Noida