शमशान घाट से चोरों ने ट्रांसफार्मर उड़ाया, बिजली न आने से लोग परेशान
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 04:11 AM
Greater Noida News: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बेखौफ चोरों का आतंक है। अब चोर सरकारी उपकरणों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। चोरों ने बीते दिनों ग्रेटर नोएडा के शमशान घाट में लगे ट्रांसफार्मर को उड़ा लिया है। जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। इस भीषण गर्मी में बिजली जाने से आसपास के रहने वाले ग्रामीण परेशान है। बिजली विभाग की शिकायत पर ग्रेटर नोएडा की बादलपुर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के शमशान घाट में लगा था ट्रांसफार्मर
नोएडा कमिश्नरेट की पुलिस के मुताबिक, ग्राम महावड़ के पास शमशान घाट में बिजली विभाग का 63 केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ था। बीती 13 जुलाई को ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना दी थी कि चोरों ने 11केवी की लाइन से जम्फर काटकर ट्रांसफार्मर के अंदर से पूरा सामान चोरी कर लिया। जिसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। जबकि चोर ट्रांसफार्मर का खाली खोखा छोड़कर गए। कई दिनों तक गांव में बिजली नहीं आने की शिकायत ग्रामीणों ने बिजली विभाग से की थी। जब बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो वह देखकर हैरान और परेशान रह गए। उन्होंने नोएडा कमिश्नरेट की थाना बादलपुर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मुकद्मा दर्ज कर लिया है।
ट्रांसफार्मर चोरी होने से ग्रामीण बिजली समस्या से हैरान
ग्रेटर नोएडा में में लगे बिजली का ट्रांसफार्मर चोरी होने से कई दिनों से बिजली नहीं आ रही थी। जिससे ग्रामीण गर्मी से बिलबिला रहे थे। वह कई दिनों से बिजली आॅफिस के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी। एक दिन कई ग्रामीण ट्रांसफार्मर की साइड से गुजर रहे थे, तो देखा कि ट्रांसफार्मर से जुड़ने वाले जंफर टूटे पड़े थे। जिसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना बिजली विभाग को दी थी। बिजली विभाग ने मौके पर पहुंचकर पता किया, तो ट्रांसफॉर्मर चोरी था। बिजली विभाग का कहना है कि ट्रांसफार्मर चोरी होने से बिजली विभाग को एक लाख 41 से अधिक की राजस्व हानि हुई है।