ग्रेटर नोएडा में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल, अब हर सेक्टर होगा ग्रीन जोन
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
19 Jun 2025 05:32 PM
Greater Noida News : पर्यावरण की रक्षा तभी हो सकती है जब हम ज्यादा से ज्यादा पौधा रोपण करें और रोपित पौधों की बच्चों की तरह देखभाल करें। ग्रेटर नोएडा के दादरी में बालाजी एन्क्लेव की नवगठित आरडब्ल्यूए (RWA) ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए सेक्टर में विकास कार्यों का शुभारंभ किया। नई आरडब्ल्यूए की टीम ने ग्रेटर नोएडा के दादरी में स्थित अपनी सोसायटी को हरा-भरा, स्वच्छ व विकासशील बनाने का संकल्प लिया है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम का किया गया आयोजन
ग्रेटर नोएडा के दादरी में स्थित बालाजी एनक्लेव सेक्टर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के साथ ही सेक्टर में विकास कार्यों का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई नवगठित सेक्टर कार्यकारिणी और सेक्टर अध्यक्ष ओमवीर आर्य एडवोकेट ने की। ओमवीर आर्य ने बताया कि हाल ही में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है और कार्यभार संभालते ही पहला कदम पर्यावरण सरंक्षण की ओर बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि "हमारा संकल्प है कि सेक्टर को हरित, स्वच्छ और विकासशील बनाएं। वृक्षारोपण इसके लिए पहली सीढ़ी है।"
औषधीय एवं छायादार वृक्षों का रोपण
इस वृक्षारोपण अभियान में नीम, पीपल, बरगद, सहसूद आदि औषधीय एवं छायादार वृक्षों का रोपण किया गया। इन वृक्षों का पर्यावरण संतुलन, वायु शुद्धता और छाया उपलब्ध कराने में विशेष महत्व है। कार्यक्रम में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता व वरिष्ठ नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की। भागवत भाटी, राज सिंह प्रधान, नाहर सिंह यादव, किरणपाल नागर, रमेश बंसल, विनोद अधाना, जितेन्द्र नागर, ईन्दर नागर, जगदीश फौजी, तुषार भाटी, विनोद नागर, सुबोध ठाकुर, मनोज गर्ग, कमल शर्मा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सेक्टर के विकास कार्यों पर हुई विस्तार से चर्चा
वृक्षारोपण के पश्चात सेक्टर में विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। सर्वप्रथम मंदिर परिसर को सुंदर एवं व्यवस्थित करने पर सहमति बनी। साथ ही साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का खाका तैयार किया गया और कुछ कार्यों की शुरुआत उसी समय कर दी गई।
सेक्टर संयोजक एवं कार्यकारिणी के सदस्यों ने इस प्रयास को नियमित अभियान के रूप में चलाने का निर्णय लिया है, जिससे आने वाले वर्षों में बालाजी एनक्लेव एक आदर्श हरित कॉलोनी के रूप में उभरे। इस प्रकार, पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज सेवा और सेक्टर विकास का यह संगम आने वाले समय में एक नई प्रेरणा बनेगा। Greater Noida News