ग्रेटर नोएडा में लगेगा ग्लोबल कारोबार का मेला, PM मोदी करेंगे उद्घाटन !
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
27 Aug 2025 02:00 PM
उत्तर प्रदेश की व्यापारिक और सांस्कृतिक ताकत को दुनिया के सामने लाने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके उद्घाटन समारोह में शामिल हो सकते हैं जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। आयोजन स्थल होगा ग्रेटर नोएडा का इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट जहां यह शो 25 से 29 सितंबर 2025 तक चलेगा। Greater Noida News
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारी जोरों पर
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 को लेकर जिला प्रशासन और प्राधिकरण ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीएम ने एक्सपो सेंटर में हुई एक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह शो प्रदेश की साख से जुड़ा है और मुख्यमंत्री योगी स्वयं इसकी प्रगति पर नजर रखे हुए हैं।
सुरक्षा और सुविधा पर फोकस
डीएम ने कहा कि आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए ताकि विदेशी मेहमानों, व्यापारियों और दर्शकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। सभी पार्किंग स्थल पहले से चिह्नित कर लिए जाएंगे और वहां दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। जलभराव न हो इसके लिए ड्रेनेज सिस्टम, पंपों की जांच और सफाई पूरी कर ली जाएगी। मेट्रो, रेलवे और बस अड्डों से मिलेगी शटल सेवा आगंतुकों की सुविधा के लिए शहर के मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से शटल बस सेवा की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही टैक्सी और ई-रिक्शा की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। मोबाइल नेटवर्क की समस्या न हो, इसके लिए सभी टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
चिकित्सा और बिजली की पुख्ता व्यवस्था
आयोजन स्थल पर 24 घंटे स्वास्थ्य टीमें, डॉक्टर, मेडिकल कैंप और एंबुलेंस तैनात रहेंगी। पूरी अवधि में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। होटल संचालकों पर रहेगी नजर, मनमाना किराया नहीं चलेगा। डीएम ने साफ कहा कि होटलों और गेस्ट हाउसों द्वारा मनमाना किराया वसूलना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक विशेष निगरानी टीम दरों की जांच करेगी। यदि कोई होटल संचालक निर्धारित रेट से ज्यादा वसूली करते पाए गए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस शो में भाग लेने वाले विदेशी मेहमानों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति और धरोहर को दर्शाने वाले कार्यक्रम होंगे साथ ही पारंपरिक व्यंजन और खाने-पीने के स्टॉल भी लगेंगे जहां देश-विदेश के मेहमान यूपी के जायके का स्वाद ले सकेंगे। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 न सिर्फ व्यापार के लिहाज से, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक और वैश्विक पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बनने जा रहा है। अब देखना होगा कि इस मेगा इवेंट की भव्यता और प्रबंधन किस स्तर तक लोगों को प्रभावित करता है। Greater Noida News