विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा की एटीएस डोल्से सोसायटी में गुरुवार शाम बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिससे करीब 1200 परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा की एटीएस डोल्से सोसायटी में गुरुवार शाम बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिससे करीब 1200 परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम करीब 8 बजे से लगातार बिजली ट्रिप होने के कारण सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई बार लिफ्ट बंद हो गईं और लोग उसमें फंस गए। भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की मुश्किलें और बढ़ा दीं। रेजिडेंट्स का आरोप है कि बिल्डर ने पावर बैकअप के नाम पर लाखों रुपये वसूले, लेकिन जरूरत पड़ने पर डीजी सिस्टम पूरी तरह फेल साबित हो रहा है।
Greater Noida News
सोसायटी के निवासियों के मुताबिक, फ्लैट रजिस्ट्री के समय प्रत्येक फ्लैट मालिक से पावर बैकअप के नाम पर करीब एक लाख रुपये एकमुश्त लिए गए थे। हर फ्लैट को न्यूनतम 5 किलोवाट बिजली कनेक्शन देने का दावा किया गया था। इसके बावजूद प्रीपेड मीटर के जरिए प्रतिदिन 20 रुपये फिक्स चार्ज और 10 रुपये डीजी फिक्स चार्ज भी वसूला जा रहा है। आरोप है कि इतना शुल्क लेने के बाद भी डीजी बैकअप पर्याप्त क्षमता का नहीं है, जिसके चलते बिजली बार-बार ट्रिप हो रही है।
Greater Noida News
लगातार बिजली आने-जाने से लोगों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने की चिंता भी बढ़ गई है। रेजिडेंट्स का कहना है कि टीवी, फ्रिज, एसी और अन्य महंगे उपकरण किसी भी समय फुंक सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ भीषण गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से बुजुर्गों और बच्चों की हालत खराब हो गई। कई फ्लैटों में लोगों को बिना बिजली के अंधेरे और गर्मी में समय बिताना पड़ा।
Greater Noida News
निवासियों का आरोप है कि समस्या बढ़ने के बाद एटीएस के मेंटेनेंस मैनेजर बभीश कुमार ने लोगों के फोन उठाने बंद कर दिए। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने भी कॉल रिसीव नहीं किए। रेजिडेंट्स का कहना है कि कंट्रोल रूम पहुंचे लोगों को भी स्पष्ट जानकारी देने के बजाय टालमटोल की गई। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। जब घंटों तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में निवासी एकजुट होकर सोसायटी में रहने वाले एटीएस के करीबी माने जाने वाले डॉ. सुदर्शन कुमार के फ्लैट पर पहुंचे। लोगों को उम्मीद थी कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करेंगे। हालांकि आरोप है कि उन्होंने दरवाजा नहीं खोला और अंदर से मिलने में असमर्थता जता दी गई। इसके बाद लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
Greater Noida News
स्थिति बिगड़ने पर महिलाओं समेत 100 से अधिक निवासी एसीई प्लेटिनम पुलिस चौकी पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई।
चौकी इंचार्ज मुकुल यादव ने लोगों की समस्या को गंभीरता से सुना और तुरंत बिल्डर के जीएम से फोन पर बात कर जल्द समाधान के निर्देश दिए। साथ ही रेजिडेंट्स को कानूनी और प्रशासनिक स्तर पर शिकायत दर्ज कराने संबंधी सलाह भी दी।
Greater Noida News
निवासियों ने साफ कहा है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में लोग बिल्डर के खिलाफ लामबंद होंगे।
रेजिडेंट्स का कहना है कि वे ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी और मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत पहुंचाएंगे। लोगों का आरोप है कि भारी मेंटेनेंस और पावर बैकअप शुल्क लेने के बावजूद मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जो गंभीर लापरवाही है।
Greater Noida News
विज्ञापन