यीडा के नए सीईओ ने संभाला पदभार, काम-काज किया शुरू
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 02:37 PM
Greater Noida News : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह ने पद-भार संभाल लिया है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। आपको बता दें कि दो दिन पहले ही उन्हें यीडा का नया सीईओ उत्तर प्रदेश सरकार ने नियुक्त किया था। साथ ही उन्हें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) परियोजना का मुख्य प्रभारी अधिकारी भी बनाया गया है।
अब तक मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव पद पर कार्यरत आईएएस अधिकारी राकेश कुमार सिंह की गिनती मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में होती है। उनकी कार्यशैली तेज, परिणामोन्मुखी और समन्वय आधारित मानी जाती है। इन दोनों जिम्मेदारियों को उनके कंधों पर सौंपे जाने का निर्णय इस बात का संकेत है कि राज्य सरकार अब जेवर एयरपोर्ट जैसी मेगा परियोजनाओं को और आक्रामक ढंग से आगे बढ़ाना चाहती है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जिसे जेवर एयरपोर्ट के नाम से जाना जाता है, न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए विकास का इंजन माना जा रहा है। यह देश का सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनने की ओर अग्रसर है। परियोजना का पहला चरण 2024 के अंत तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना में निवेश, भूमि अधिग्रहण, पर्यावरणीय मंजूरी और निर्माण से संबंधित कई स्तरों पर तेज निर्णयों की आवश्यकता है।
यही कारण है कि प्रशासनिक अनुभव रखने वाले अधिकारी को इसकी कमान सौंपी गई है। मंगलवार दोपहर यीडा के नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने यीडा के कार्यालय पहुंचकर पदभार संभाला और काम काज शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि यीडा क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति देने साथ ही जेवर एयरपोर्ट के काम को तेज करने को प्राथमिकता दी जाएगी।
Greater Noida News