
यमुनानगर(Yamunanagar) के मॉडल टाउन स्थित सरकारी स्कूल में शुक्रवार को आठवीं क्लास का आखिरी पेपर था। पेपर खत्म होते ही 17 छात्र सीधे पश्चिमी यमुना नहर पर नहाने के लिए पहुंच गए। इस दौरान, दो बच्चों के बीच शर्त लगी कि कौन पहले नहर को पार करेगा। बच्चों ने 100-100 रुपये की शर्त लगाई और नहर में कूद पड़े।
दोनों बच्चों को तैरना नहीं आता था, फिर भी 100 रुपये की लालच में वे नहर के गहरे पानी में उतर गए। जैसे ही दोनों बच्चे नहर में कूदे, वह गहरे पानी के कुंड में फंस गए और तेज बहाव ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे पहले कि किसी को कुछ समझ आता, दोनों बच्चे पानी में डूब गए। इस घटना के दौरान बाकी छात्र घबरा गए और शोर मचाने लगे।
जब आसपास के लोग इस हादसे को देखकर मौके पर पहुंचे तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचते ही गोताखोरों को बुलाकर बच्चों के शव की तलाश शुरू कर दी, लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली है। पुलिस ने मौके से दोनों बच्चों के कपड़े जब्त कर लिए हैं और अन्य बच्चों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतक बच्चों के परिजनों को भी इस दुखद घटना के बारे में सूचित किया है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और सभी बच्चे इस हादसे से हतप्रभ हैं।
यह घटना बच्चों की बेखौफ शरारत और नासमझी का नतीजा साबित हुई, जो अब एक भयावह मोड़ पर पहुंच गई है।Yamunanagar: