
Telangana : तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने 'यंग इंडिया' को लेकर एक अहम और दूरगामी बयान देते हुए स्पष्ट किया कि यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि उनका विज़न और ब्रांड है। उन्होंने गुरुवार को 'यंग इंडिया पुलिस स्कूल' के उद्घाटन समारोह में इस बात को ज़ोर देकर कहा कि राज्य में जो भी संस्थान ‘यंग इंडिया’ के नाम से स्थापित किए जा रहे हैं—चाहे वह कौशल विश्वविद्यालय हो, खेल विश्वविद्यालय हो या आवासीय विद्यालय—वह सब उनके ब्रांड विजन का हिस्सा हैं।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि इस ब्रांड की प्रेरणा उन्हें महात्मा गांधी से मिली है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि ‘यंग इंडिया’ नाम का चयन उन्होंने नहीं, बल्कि गांधी जी ने आज़ादी की लड़ाई के समय किया था। महात्मा गांधी द्वारा प्रकाशित ‘यंग इंडिया’ पत्रिका उस दौर में भारत की आवाज़ बनकर उभरी थी और आज उसी सोच को आधुनिक संदर्भ में आगे बढ़ाने की ज़रूरत है। Telangana :
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में इस बात का ज़िक्र किया कि पिछले 16 महीनों में उन्हें कई बार यह सवाल पूछा गया कि उन्होंने अपनी ब्रांड पहचान क्यों नहीं बनाई। इसके जवाब में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के उदाहरण देकर बताया कि हर बड़ा नेता किसी न किसी विचार या योजना से जुड़ा होता है जो उनकी पहचान बनती है।
उन्होंने कहा:
नेहरू जी को आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में जाना जाता है।
इंदिरा गांधी 'रोटी, कपड़ा और मकान' के नारे के लिए याद की जाती हैं।
एन.टी. रामाराव की 2 रुपये किलो चावल योजना लोगों के दिलों में आज भी ज़िंदा है।
चंद्रबाबू नायडू को हैदराबाद को आईटी हब में बदलने का श्रेय दिया जाता है।
पी.वी. नरसिम्हा राव को आर्थिक सुधारों के लिए सराहा जाता है।
वाई.एस. राजशेखर रेड्डी की सिंचाई योजनाएं आज भी एक मिसाल हैं। Telangana :
रेवंत रेड्डी ने अपने भाषण में बिना नाम लिए बीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव पर भी तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि कुछ नेता तेलंगाना राज्य के गठन का सारा श्रेय खुद लेना चाहते हैं, जबकि असल बदलाव ज़मीनी स्तर पर हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘यंग इंडिया’ ब्रांड के तहत शुरू किए जा रहे संस्थानों से युवाओं को न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, बल्कि उन्हें उद्योग जगत में रोज़गार भी सुनिश्चित होगा। उन्होंने यह भी बताया कि आनंद महिंद्रा के नेतृत्व में स्थापित किए जा रहे यंग इंडिया कौशल विश्वविद्यालय से जुड़ी कंपनियां युवाओं को रोजगार देने में रुचि दिखा रही हैं। साथ ही, प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय के लिए भी कई बड़ी कंपनियों ने रुचि जताई है। Telangana :