
Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिष्ठा के लिए अहम माने जा रहे घरेलू नीति विधेयक ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ को लेकर सियासी तूफान तेज हो गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने ही घर में घिरते नजर आ रहे है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अपने ही घरवालों ने ही उनके खिलाफ मुखालफत शुरू कर दी है। सीनेट में इस विधेयक के खिलाफ जिस प्रकार रिपब्लिकन पार्टी के ही वरिष्ठ सदस्य खड़े हो गए हैं, उससे न सिर्फ ट्रंप प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं, बल्कि पार्टी के अंदर गहरे मतभेद भी सतह पर आ गए हैं।
इस विधेयक को पारित करवाने के लिए व्हाइट हाउस की ओर से सीनेटरों पर लगातार दबाव डाला जा रहा है। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने फेडरल रिजर्व प्रमुख जेरोम पॉवेल पर एक हस्तलिखित टिप्पणी में आरोप लगाया है कि वह देश का "अत्यधिक पैसा खर्च कर रहे हैं"। ट्रंप ने ब्याज दरों में कटौती की सख्त मांग भी की है, जिसे आर्थिक सुधारों के रास्ते में बड़ी बाधा माना जा रहा है।
उत्तरी कैरोलिना के प्रभावशाली रिपब्लिकन सीनेटर थॉम टिलिस ने राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा प्रस्तुत इस विधेयक के समर्थन से इनकार कर दिया है। उनका मानना है कि यह कानून "स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक गंभीर भूल" साबित होगा। उन्होंने कहा कि “रिपब्लिकन अपने ही वादों से पीछे हट रहे हैं और जनता की भलाई के खिलाफ जा रहे हैं।”
टिलिस ने सीधे आरोप लगाया कि व्हाइट हाउस में बैठे कुछ "शौकिया सलाहकार" राष्ट्रपति को उस विधेयक का समर्थन करने के लिए उकसा रहे हैं, जिससे केवल उत्तरी कैरोलिना में ही 6.63 लाख लोग मेडिकेड जैसी बुनियादी स्वास्थ्य सेवा से वंचित हो जाएंगे। टिलिस ने चेतावनी दी कि वह इस दिशा में सहयोग नहीं कर सकते और वॉशिंगटन से स्वयं सेवानिवृत्त होने का संकेत दिया।
नेब्रास्का के प्रतिनिधि और रिपब्लिकन सांसद डॉन बेकन, जो ओमाहा क्षेत्र से लगातार पाँच बार जीत चुके हैं, पहले ही ट्रंप की नीतियों के आलोचक रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा—“मैं पार्टी की आत्मा के लिए लड़ रहा हूं। मैं वह नहीं बनना चाहता जो बांसुरी की धुन में अंधा होकर चट्टान से गिर जाए। लेकिन ऐसा ही कुछ हो रहा है।”
अलास्का की सीनेटर लिसा मुर्कोव्स्की, जो रिपब्लिकन पार्टी के उदारवादी धड़े की प्रमुख नेता मानी जाती हैं, इस विधेयक को लेकर बेहद दुविधा में हैं। उन्होंने भले ही सेवानिवृत्ति का संकेत न दिया हो, लेकिन पार्टी बदलने की अटकलें अब ज़ोर पकड़ रही हैं। बिल के विरोध में आवाज़ उठाने वाले रिपब्लिकन नेताओं की सूची बढ़ती जा रही है। इनमें प्रमुख नाम हैं:
रिक स्कॉट (फ्लोरिडा)
रॉन जॉनसन (विस्कॉन्सिन)
माइक ली (यूटा)
सिंथिया लुमिस (व्योमिंग)
वहीं, मेन की सीनेटर सुसान कोलिन्स ने इस विधेयक में संशोधन लाने की योजना का ऐलान कर दिया है। उनका कहना है कि “ग्रामीण अस्पतालों को मेडिकेड कटौती की भरपाई के लिए कोई वित्तीय सहायता देना तो दूर, उसका ज़िक्र तक नहीं किया गया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। Donald Trump