
Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज यानी 18 जून, बुधवार को पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर से व्हाइट हाउस में मुलाकात करने वाले हैं। यह बैठक उस समय हो रही है जब कुछ ही दिन पहले अमेरिकी प्रशासन ने जनरल मुनीर को न्योता दिए जाने की बात को सिरे से खारिज कर दिया था। अब वही आसिम मुनीर ट्रंप के साथ कैबिनेट रूम में औपचारिक लंच करेंगे।
व्हाइट हाउस की ओर से जारी आधिकारिक कार्यक्रम में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि बुधवार दोपहर को डोनाल्ड ट्रंप और जनरल मुनीर के बीच यह मुलाकात तय है। जनरल मुनीर इस समय अमेरिका की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। सूत्रों के अनुसार, इस दौरे के दौरान वे अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से भी वार्ता कर सकते हैं।
पाकिस्तानी अख़बार 'डॉन' के मुताबिक, जनरल मुनीर की यात्रा को द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों को फिर से परिभाषित करने की एक गंभीर कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। रिपोर्टों में कहा गया है कि यह दौरा पूर्णतः द्विपक्षीय उद्देश्य से प्रेरित है और अमेरिकी सेना की 250वीं वर्षगांठ से इसका कोई औपचारिक संबंध नहीं है।इससे पहले यह अटकलें तेज थीं कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख अमेरिकी आर्मी डे परेड में शिरकत करेंगे, लेकिन अमेरिका ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि किसी भी विदेशी सैन्य अधिकारी को निमंत्रण नहीं दिया गया है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने इन रिपोर्ट्स को “पूरी तरह झूठा” करार दिया।
इस यात्रा के दौरान जनरल आसिम मुनीर को विरोध का भी सामना करना पड़ा। सोमवार को वॉशिंगटन डीसी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विदेशी पाकिस्तानी और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थकों ने उनके खिलाफ ज़ोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 'पाकिस्तानियों का हत्यारा' और 'इस्लामाबाद का कसाई' जैसे नारे लगाए। ये विरोध प्रदर्शन सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं और इससे पाकिस्तान की आंतरिक राजनीतिक उठापटक भी वैश्विक मंच पर उजागर हो रही है।
Donald Trump