संघर्षविराम को अमेरिका ने वैश्विक शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया
Indo-Pak War
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 02:58 PM
Indo-Pak War : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया संघर्ष विराम की घोषणा के बाद दोनों देशों की नेतृत्व क्षमता की सराहना की है और इसे वैश्विक शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने इस संघर्षविराम को मध्यस्थता के माध्यम से संभव बनाया और वह दोनों देशों के साथ मिलकर कश्मीर मुद्दे का समाधान खोजने के लिए तैयार हैं।
ट्रंप ने दोनों देशों के साथ व्यापार को काफी बढ़ाने की बात कही
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, मैं दोनों महान देशों के साथ व्यापार को काफी बढ़ाने जा रहा हूं। इसके अलावा, मैं आप दोनों के साथ काम करूंगा ताकि 'हजार वर्षों' के बाद, कश्मीर के मुद्दे का समाधान निकाला जा सके। भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व को इस अच्छे कार्य के लिए बधाई।
भारत सरकार ने इस संघर्षविराम को द्विपक्षीय प्रयासों का परिणाम बताया
हालांकि, भारत सरकार ने इस संघर्षविराम को द्विपक्षीय प्रयासों का परिणाम बताया है और अमेरिकी मध्यस्थता की भूमिका को स्वीकार नहीं किया है। संघर्षविराम के बावजूद, दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। भारत ने पाकिस्तान पर संघर्षविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया है, जबकि पाकिस्तान ने इन आरोपों से इनकार किया है।
पीएम ने अपने आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीडीएस अनिल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुख, एनएसए अजीत डोभाल, आईबी और रॉ के प्रमुख शामिल हैं। बैठक का उद्देश्य क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करना और आगे की रणनीति तय करना है।
ट्रंप की ओर से कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता की पेशकश नई नहीं
ट्रंप की ओर से कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता की पेशकश नई नहीं है, लेकिन भारत ने हमेशा इस मुद्दे को द्विपक्षीय मानते हुए किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को अस्वीकार किया है। इसलिए, ट्रंप की हालिया टिप्पणी पर भारत सरकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। संघर्षविराम की सफलता और क्षेत्र में स्थायी शांति की संभावना इस पर निर्भर करेगी कि दोनों देश कितनी गंभीरता से इस समझौते का पालन करते हैं और आपसी विश्वास को कैसे बढ़ाते हैं। Indo-Pak War