लॉस एंजिल्स में धमाका, तीन जांबाज पुलिस अफसरों की दर्दनाक मौत
International News
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:23 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:23 AM
International News : संयुक्त राज्य अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत के लॉस एंजिल्स में शुक्रवार सुबह हुए विस्फोट से लोग दहल गए। यह विस्फोट मोंटेरे पार्क स्थित बिस्कैलुज पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में हुआ। इस केंद्र में सांता मोनिका स्थित एक आवास से गुरुवार को बरामद विस्फोटक सामग्री और उपकरणों को जांच के लिए रखा गया था। इसी सामग्री की जांच के लिए पहुंचे लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ के जासूस जोशुआ केली-एकलुंड, विक्टर लेमस और विलियम ऑस्बोर्न अचानक हुए विस्फोट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
अभी विस्फोट के कारणों की जानकारी नहीं
एबीसी न्यूज की खबर के अनुसार, शेरिफ रॉबर्ट लूना ने घटना का विवरण संवाददाता सम्मेलन में दिया। उन्होंने कहा कि विस्फोट में लॉस एंजिल्स शेरिफ के तीन तीन डिप्टी (पुलिस अधिकारी) मारे गए। 1857 के बाद विभाग की यह सबसे बड़ी जनहानि है। शेरिफ ने कहा कि किसी और को चोट नहीं आई। शेरिफ ने कहा कि विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
कौन है जोशुआ केली-एकलुंड?
उन्होंने बताया कि जोशुआ केली-एकलुंड 2006 में क्षेत्रीय प्रशिक्षण अधिकारी के रूप में विभाग में शामिल हुए। 2016 में जासूस बने। उन्हें जटिल अपराधों की गुत्थी सुलझाई। 2022 में वो आगजनी और विस्फोटक मामलों के अन्वेषक बने। उनके परिवार में उनकी पत्नी और सात बच्चे हैं। जासूस विक्टर लेमस 2003 में विभाग में शामिल हुए। पिछले साल आगजनी अन्वेषक बने। उनके परिवार में उनकी पत्नी और तीन बेटियां हैं। पत्नी और तीन बहनें भी विभाग में काम करती हैं।
लम्बे समय तक जासूस के रूप में किया काम
जासूस विलियम ओसबोर्न 1992 में विभाग में शामिल हुए। 2016 में आपातकालीन वाहन संचालन केंद्र प्रशिक्षक बनने से पहले उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक जासूस के रूप में काम किया। लूना ने कहा कि इन तीनों जांबाज जासूसों को आज हमने खो दिया। लॉस एंजिल्स की मेयर करेन बास ने तीनों पुलिस अधिकारियों की मौत पर दुख जताया है।
स्थिति पर रखी जा रही बारिकी से नजर
सीएनएन की खबर के अनुसार, लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग के बम निरोधक दस्ते के अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि विस्फोटक सामग्री और उपकरणों को सुरक्षित सहेजने के दौरान यह धमाका हुआ। इस प्रशिक्षण केंद्र में ग्रेनेड से भरा एक बैग भी रखा था। बताया गया है कि संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) को इस घटना की जांच में शामिल किया गया है। पुलिस प्रमुख जिम मैकडॉनेल ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों का पता चल सकेगा। लॉस एंजिल्स काउंटी पर्यवेक्षक बोर्ड की अध्यक्ष कैथरीन बार्गर ने कहा कि स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है।