मस्क का 'सरकारी ब्रेकअप', ट्रंप के मिशन से हटकर लाएंगे अपना मॉडल
International News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 11:29 PM
International News : दुनिया के सबसे चर्चित उद्यमियों में से एक एलन मस्क ने आखिरकार डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से दूरी बना ली है। एलन मस्क (Elon Musk) ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) विशेष सलाहकार पद से इस्तीफा दे दिया है और अपने DOGE मिशन (सरकारी दक्षता परियोजना) को आगे बढ़ाने की बात कही है।
मेरा कार्यकाल हो गया पूरा-एलन मस्क
मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, "विशेष सरकारी कर्मचारी के रूप में मेरा कार्यकाल पूरा हो गया है। मैं राष्ट्रपति ट्रंप को अवसर देने के लिए धन्यवाद देता हूं, लेकिन मेरा मानना है कि सरकार चलाने के लिए DOGE मिशन एक बेहतर तरीका बन सकता है।"
रक्षा खर्च बढ़ाने वाले विधेयक की खुलकर की आलोचना
हालांकि एलन मस्क कभी ट्रंप के करीबी माने जाते थे, लेकिन हाल ही में उनके बीच मतभेद उभरने लगे थे। मस्क ने ट्रंप के ‘Big Beautiful Bill’ यानी बहु-ट्रिलियन डॉलर के टैक्स ब्रेक और रक्षा खर्च बढ़ाने वाले विधेयक की खुलकर आलोचना की थी। उनका कहना था कि यह बिल संघीय घाटे को बढ़ाता है और सरकारी दक्षता में सुधार लाने के उनके मिशन को कमजोर करता है।
मस्क की 'ऑफबोर्डिंग' की प्रक्रिया शुरू
मस्क को विशेष सरकारी कर्मचारी के तौर पर नियुक्त किया गया था, जहां उन्हें हर साल 130 दिन तक सरकारी मामलों में सलाह देने की अनुमति थी। यह कार्यकाल अब 31 मई को पूरा हो रहा है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि मस्क की 'ऑफबोर्डिंग' की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। CBS को दिए एक इंटरव्यू में मस्क ने कहा, “यह बिल अनावश्यक खर्चों से भरा हुआ है और यह हमारे प्रयासों को पीछे धकेलता है। सरकार को दक्षता और पारदर्शिता के साथ चलाना ज्यादा जरूरी है।”
DOGE मिशन पर होगा खास फोकस
अब सवाल ये उठता है कि क्या एलन मस्क का यह अलग होना सिर्फ एक औपचारिक विदाई है या आने वाले चुनावी मौसम में इसका कोई राजनीतिक संकेत भी छिपा है? फिलहाल इतना तय है कि मस्क अब पूरी तरह से अपने DOGE मिशन पर फोकस करने जा रहे हैं। एक ऐसा मॉडल जो, उनके मुताबिक, सरकार के कामकाज को कम खर्चीला और ज्यादा असरदार बना सकता है।