
Meta AI : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के वैश्विक परिदृश्य में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच Meta ने अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने Apple के वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ रह चुके Ruoming Pang को एक चौंकाने वाले 200 मिलियन डॉलर (लगभग 1670 करोड़ रुपये) के सैलरी पैकेज पर नियुक्त करने का निर्णय लिया है। यह नियुक्ति Meta के Superintelligence Group के तहत हो रही है — वही ग्रुप जहां कुछ हफ्ते पहले भारतीय मूल के त्रपित बंसल को 100 मिलियन डॉलर (करीब 800 करोड़ रुपये) के पैकेज पर शामिल किया गया था।Meta के सीईओ मार्क ज़ुकरबर्ग अब स्पष्ट रूप से AI क्षेत्र में OpenAI और Google जैसे दिग्गजों को टक्कर देने के इरादे से मैदान में हैं। Superintelligence Labs के गठन के साथ उन्होंने एक ऐसी टीम तैयार करनी शुरू कर दी है जो AI के भविष्य को नई दिशा दे सके।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, Ruoming Pang को दिया गया यह पैकेज केवल बेस सैलरी नहीं, बल्कि स्टॉक ऑप्शन्स, बोनस और रिटेंशन इंसेंटिव्स समेत कई घटकों से बना है। Meta का यह प्रयास है कि वह ऐसे टैलेंट को न केवल आकर्षित करे बल्कि लंबे समय तक जोड़े रखे। रिपोर्ट के मुताबिक, यदि कोई कर्मचारी तय अवधि से पहले कंपनी छोड़ता है या Meta के स्टॉक्स का प्रदर्शन गिरता है, तो सैलरी पैकेज में कटौती संभव है। कंपनी उन कर्मचारियों की निजी हिस्सेदारी की भरपाई करने को भी तैयार है जो दूसरी कंपनियों से Meta में शामिल होने के लिए त्याग करते हैं।
AI विश्लेषण वेबसाइट Similarweb के अनुसार, आज भी Generative AI के क्षेत्र में OpenAI शीर्ष पर बना हुआ है, जिसका ट्रैफिक 150 मिलियन से अधिक है। Google दूसरे स्थान पर है। ऐसे में Meta की यह आक्रामक हायरिंग रणनीति स्पष्ट संकेत देती है कि कंपनी इस दौड़ में केवल भागीदारी नहीं, बल्कि नेतृत्व का दावा करना चाहती है।
Meta पहले से ही अपनी AI सेवाएं बाजार में उतार चुका है। 'Meta AI' नामक इसका टूल न केवल स्वतंत्र पोर्टल और ऐप के रूप में मौजूद है, बल्कि यह WhatsApp में भी एकीकृत किया गया है। WhatsApp यूजर्स को अब चैट विंडो में Meta AI का अलग से आइकन दिखने लगा है, जिसके जरिए वे AI सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। Meta AI