
मध्य पूर्व में लंबे समय से चल रहे संघर्ष के बीच अमेरिका और इजराइल अब निर्णायक रुख अपनाने को तैयार दिख रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्य पूर्व विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने स्पष्ट संकेत दिया है कि यदि हमास व्यापक समझौते के लिए तैयार नहीं होता, तो इजराइल सैन्य अभियान को और तेज कर देगा। स्टीव विटकॉफ ने हाल ही में बंधकों के परिजनों से मुलाकात की, जहां उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजराइल अब आर-पार की नीति की ओर बढ़ रहे हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, इस बैठक की ऑडियो रिकॉर्डिंग में यह स्पष्ट रूप से झलकता है कि दोनों देश हमास को अंतिम चेतावनी देने की तैयारी में हैं। Israel Iran War
विटकॉफ ने बताया कि इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप मिलकर एक ऐसे समझौते पर कार्य कर रहे हैं, जिसमें हमास से न केवल सभी बंधकों की रिहाई की मांग होगी, बल्कि उसके निरस्त्रीकरण की शर्त भी शामिल होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा, “अगर हमास इन शर्तों पर सहमत नहीं होता, तो इजराइल का सैन्य अभियान पहले से कहीं ज्यादा तीव्र होगा।” वहीं, हमास के वरिष्ठ नेता महमूद मर्दवी का कहना है कि उन्हें अभी तक किसी भी प्रकार का व्यापक समझौता प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने संकेत दिया कि भले ही समूह सैद्धांतिक रूप से समझौते का समर्थन करता हो, लेकिन वह किसी भी सूरत में निरस्त्रीकरण को स्वीकार नहीं करेगा।
हमास द्वारा जारी किए गए हालिया वीडियो ने बंधकों की दुर्दशा को उजागर कर दिया है। इस वीडियो में इजराइली नागरिक एव्यातार डेविड बेहद गंभीर अवस्था में एक भूमिगत सुरंग में दिखाई दे रहे हैं। माना जाता है कि वह उन 20 बंधकों में से एक हैं, जो अब भी जीवित हैं। यह वीडियो अमेरिका और इजराइल के लिए एक और चेतावनी है कि समय अब तेजी से निर्णायक कार्रवाई की मांग कर रहा है। गौरतलब है कि इजराइली सरकार गाजा पट्टी में बिगड़ते मानवीय हालात को लेकर पहले से ही अंतरराष्ट्रीय आलोचना झेल रही है। भुखमरी, चिकित्सा संकट और बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने वैश्विक चिंता को बढ़ा दिया है। ऐसे में बंधकों की सुरक्षित रिहाई को लेकर इजराइल की घरेलू राजनीति पर भी जबरदस्त दबाव बना हुआ है। Israel Iran War