सड़क हादसे में गईं मिस यूनिवर्स रूस 2017 की कंटेस्टेंट क्सेनिया एलेक्जेंड्रोवा, हाल ही में की थी शादी
भारत
चेतना मंच
18 Aug 2025 06:03 PM
फैशन और मॉडलिंग इंडस्ट्री से जुड़ी एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रूस की नामी मॉडल और मिस यूनिवर्स रूस 2017 की कंटेस्टेंट क्सेनिया एलेक्जेंड्रोवा का सड़क हादसे में निधन हो गया है। महज 30 साल की उम्र में उनकी अचानक हुई मौत ने पूरे ग्लैमर वर्ल्ड को झकझोर दिया है।
5 जुलाई को हुआ हादसा, 12 अगस्त को तोड़ा दम
रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा 5 जुलाई को ट्वेर ओब्लास्ट इलाके में हुआ था। क्सेनिया अपने पति के साथ कार से सफर कर रही थीं, तभी अचानक एक विशाल जंगली हिरण (एल्क) सड़क पर आ गया और उनकी गाड़ी उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एल्क कार के शीशे को तोड़ते हुए अंदर घुस गया और क्सेनिया के सिर में गंभीर चोटें आईं। करीब एक महीने तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार 12 अगस्त को उन्होंने दम तोड़ दिया।
पति भी थे हादसे में घायल
इस हादसे के वक्त कार उनके पति चला रहे थे। दुर्घटना में वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्होंने मीडिया को बताया कि जैसे ही एल्क अचानक कार के सामने आया, उन्हें कुछ समझ नहीं आया। टक्कर के दौरान क्सेनिया के सिर पर गहरी चोट लगी और वह तुरंत बेहोश हो गईं।
चार महीने पहले ही हुई थी शादी
क्सेनिया की निजी जिंदगी पर नजर डालें तो उन्होंने इसी साल अप्रैल में अपने बॉयफ्रेंड से शादी की थी। शादी के कुछ महीनों बाद हुए इस हादसे ने उनके परिवार और दोस्तों को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोशल मीडिया पर उनकी शादी की तस्वीरें खूब वायरल हुई थीं, जहां वह बेहद खुश नजर आ रही थीं।
करियर में छोड़ी थी खास पहचान
क्सेनिया एलेक्जेंड्रोवा ने 2017 में मिस रूस प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप की पोजीशन हासिल की थी और उसी साल मिस यूनिवर्स में रूस का प्रतिनिधित्व भी किया था। उनकी खूबसूरती और टैलेंट ने उन्हें मॉडलिंग जगत में अलग पहचान दिलाई थी। उनकी असमय मौत ने फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री को गहरा झटका दिया है।
यूनेस्को सूची में यूपी के 3 विश्व धरोहर स्थल, सबसे ज्यादा स्थल महाराष्ट्र में!