
Operation Sindoor : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ एक बार फिर अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में तुर्किए में हुए एक अहम त्रिपक्षीय सम्मेलन में उन्होंने कुछ ऐसा किया, जिसने सबका ध्यान खींचा। सम्मेलन में जब बात भारत-पाक टकराव की चली तो शहबाज ने अपनी बात रखने के दौरान पाक सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को मीटिंग के बीच खड़ा कर दिया और उनकी जमकर तारीफ की।
पाकिस्तान को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारी नुकसान हुआ था। इसके बाद शहबाज शरीफ विदेश दौरे पर निकल गए और अलग-अलग मंचों पर यह दावा करते नजर आए कि पाकिस्तान ने भारत को करारा जवाब दिया। उन्होंने यहां तक कहा कि पाकिस्तानी वायुसेना ने छह भारतीय एयरक्राफ्ट मार गिराए। लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन दावों की पुष्टि नहीं हो सकी।
शहबाज शरीफ का यह दावा तब और संदिग्ध हो गया जब उन्होंने भारत पर बिना सबूत गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कोई ठोस प्रमाण अब तक पेश नहीं किया है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत ने पहलगाम आतंकी हमले की अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग को भी नजरअंदाज कर दिया।
पाक मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शहबाज शरीफ ने खुद इस बात को कबूला कि पाकिस्तान ने भारत पर हमला करने की तैयारी कर रखी थी और यह हमला फज्र की नमाज़ के बाद किया जाना था। लेकिन भारत ने पहले ही जवाबी कार्रवाई करके पाकिस्तान की रणनीति को मात दे दी। भारतीय सेना की इस तत्परता ने पाकिस्तान की योजना को नाकाम कर दिया। जवाबी हमले में भारत ने पाकिस्तान के मुरीदके और नूरखान एयरबेस को खासा नुकसान पहुँचाया।
Operation Sindoor