शेख हसीना के 'वित्ती ब्रेन' पर गिरी गाज, अबुल बरकत गिरफ्तार
Bangladesh News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 07:59 PM
Bangladesh News : बांग्लादेश में अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के एक और करीबी पर गाज गिरी है। देश के जाने-माने अर्थशास्त्री और जनता बैंक के पूर्व अध्यक्ष प्रो. अबुल बरकत को गुरुवार देर रात ढाका पुलिस ने गिरफ्तार किया। उन पर एनॉनटेक्स समूह से जुड़े करीब 297 करोड़ टका की हेराफेरी का गंभीर आरोप है।
ढाका ट्रिब्यून की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, ढाका मेट्रोपॉलिटन डिटेक्टिव ब्रांच ने गुरुवार रात करीब 11:30 बजे धनमंडी-2 इलाके से प्रसिद्ध अर्थशास्त्री प्रो. अबुल बरकत को गिरफ्तार किया। संयुक्त आयुक्त नसीरुल इस्लाम ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक आयोग की उस शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें बरकत समेत 22 लोगों पर एनॉनटेक्स समूह की 22 कंपनियों को अवैध कर्ज देने का आरोप है।
आरोप लगाया गया है कि बरकत ने बांग्लादेश बैंक के पूर्व गवर्नर अतीउर रहमान और अन्य लोगों के साथ मिलकर धनराशि वितरित करने के लिए जाली दस्तावेजों में मिलीभगत की। आयोग का दावा है कि इससे सार्वजनिक कोष को भारी नुकसान हुआ। प्रो. बरकत ढाका विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष और बांग्लादेश अर्थशास्त्र संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। अवामी लीग सरकार ने उन्हें जनता बैंक के अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया था। Bangladesh News