लॉरेंस बिश्नोई गैंग को बड़ा झटका : कनाडा ने घोषित किया आतंकवादी संगठन
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:27 AM
कनाडा ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकवादी समूह घोषित कर दिया है। यह गिरोह भारत से जुड़ा है और कनाडा में खालिस्तान समर्थकों को निशाना बनाने के लिए सक्रिय रहा है। कनाडाई सरकार अब इस गिरोह की संपत्ति जब्त कर सकती है और उनके बैंक खाते फ्रीज कर सकती है। देश में कुल आतंकवादी संगठनों की संख्या अब 88 हो गई है। Shock to Lawrence Gang :
कनाडा ने क्यों लिया यह कदम?
कनाडा सरकार का कहना है कि यह गिरोह भारत में सक्रिय रहते हुए, जेल से भी मोबाइल फोन के जरिए अपराध कर रहा है। पिछले साल कनाडाई पुलिस ने दावा किया था कि भारत ने इस गिरोह को कनाडा में खालिस्तान समर्थकों को डराने और मारने के लिए इस्तेमाल किया। भारत ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि वह कनाडा के साथ मिलकर इस गिरोह की फंडिंग और गतिविधियों को रोकने में सक्रिय है।
गिरोह की सच्चाई
भारत में इस गैंग के लगभग 700 सक्रिय गुर्गे हैं। यह गिरोह डकैती, जबरन वसूली, मनी लॉन्ड्रिंग और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल है। कनाडा में इस कदम के बाद पुलिस इस समूह की संपत्ति जब्त कर सकती है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सकती है। कनाडा सरकार ने स्पष्ट किया है कि अब बिश्नोई गैंग की संपत्ति जब्त की जाएगी और उनके बैंक खाते फ्रीज किए जाएंगे। इससे उनके अपराधों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि कनाडा के पास इस गिरोह की पूरी जानकारी जुटाने की ताकत सीमित है, इसलिए उन्हें पूरी तरह नियंत्रित करना आसान नहीं होगा। कनाडा के मंत्री गैरी आनंदसंगरी ने कहा, "हर किसी को अपने घर और समाज में सुरक्षित महसूस करने का अधिकार है। इस फैसले से हमें बिश्नोई गिरोह की गतिविधियों को रोकने में मदद मिलेगी।"
निज्जर हत्याकांड में नाम आया
खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में लॉरेंस बिश्नोई और उसके साथियों का नाम सामने आया था। यह जांच ट्रूडो सरकार ने करवाई थी, जिसके बाद भारत और कनाडा के बीच तनाव पैदा हुआ। हालांकि, दोनों देशों के राजनयिक संबंधों में बाद में सुधार हुआ। लॉरेंस बिश्नोई का असली नाम बलकरन बराड़ है। उनका जन्म 12 फरवरी 1993 को पंजाब के फाजिल्का जिले के गांव दुत्रावली में हुआ। विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान उन्होंने अपराध की दुनिया में कदम रखा और लॉरेंस बिश्नोई के नाम से कुख्यात हुए।
उसका नाम अब तक कई हाई-प्रोफाइल मामलों में सामने आया है, जिनमें शामिल हैं।
* पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या
* महाराष्ट्र के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या
* सुखदेव सिंह गुग्गामेरी की हत्या
* बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी
वर्तमान में लॉरेंस बिश्नोई साबरमती जेल, अहमदाबाद में बंद है।