
America News : अमेरिका के उत्तरी इडाहो के घने जंगलों में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल की आग पर काबू पाने में जुटी दमकल टीम पर एक अज्ञात स्नाइपर ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो फायर फाइटर्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों की भारी तैनाती है और रुक-रुककर फायरिंग की आवाजें अब भी आ रही हैं। यह घटना कोयूर डी'एलेन के पास स्थित कैनफील्ड माउंटेन नेचुरल एरिया में हुई, जो लगभग 24 एकड़ में फैला हुआ है और हाइकिंग तथा बाइकिंग के लिए लोकप्रिय है। अमेरिकी मीडिया संस्थानों द न्यूयॉर्क टाइम्स और सीएनएन की रिपोर्ट्स में यह जानकारी सामने आई है।
रिपोर्टों के अनुसार, स्थानीय प्रशासन हर सप्ताहांत इस क्षेत्र में गश्त कर असामाजिक तत्वों को हटाने की कोशिश करता है। रविवार को जब कानून प्रवर्तन अधिकारी कुछ संदिग्ध लोगों को वहां से हटाने का प्रयास कर रहे थे, तभी जंगल में कहीं छिपे स्नाइपर ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। कूटेनाई काउंटी के शेरिफ रॉबर्ट नॉरिस ने घटना के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया - हम स्पष्ट रूप से स्नाइपर की गोलियों का सामना कर रहे हैं। फिलहाल दो फायर फाइटर्स की मौत की पुष्टि हो चुकी है, और कई अन्य के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
कैनफील्ड माउंटेन का इलाका हरे-भरे और घने जंगलों से ढका हुआ है, जहां 25 मील से अधिक लंबी ट्रेल्स हैं। स्थानीय निवासी मार्क लेथ्रोप के अनुसार, उनकी पत्नी नियमित रूप से इस इलाके में ट्रेकिंग करती हैं। उन्होंने कहा - यह इलाका खूबसूरत जरूर है, लेकिन अपराधियों के छिपने के लिए अनगिनत रास्ते मौजूद हैं। पूर्व एफबीआई एजेंट और अनुभवी फायर फाइटर जेसन पैक ने इस बात पर जोर दिया कि यह इलाका कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण है। जंगल की आग तेजी से फैल रही है और शूटर किसी भी कोने में छिप सकता है, जिससे तलाशी अभियान जटिल होता जा रहा है।
[caption id="attachment_201049" align="alignnone" width="300"]
America News[/caption]
कूटेनाई काउंटी की आपातकालीन प्रबंधन टीम ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए बताया कि कैनफील्ड माउंटेन को नो-फ्लाई ज़ोन घोषित कर दिया गया है। इस आदेश में ड्रोन उड़ाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इडाहो से अमेरिकी सीनेटर जिम रिश ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे “कायरता और नृशंसता की पराकाष्ठा” बताया। वहीं, इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ फायर फाइटर्स ने पुष्टि की है कि हमले में दो फायर फाइटर्स की मृत्यु हो गई है और एक का अस्पताल में इलाज जारी है।अस्पताल की प्रवक्ता किम एंडरसन ने बताया कि घायल फायर फाइटर की सर्जरी चल रही है।
शेरिफ नॉरिस ने बताया कि घटना की विस्तृत जानकारी सोमवार दोपहर 12:30 बजे (स्थानीय समयानुसार रविवार रात 9:30 बजे) हेडन स्थित आपातकालीन प्रबंधन संचालन केंद्र से साझा की जाएगी। इस मीडिया ब्रीफिंग में घटना के पीछे की मंशा और अब तक की जांच का विवरण साझा किया जाएगा। बता दें कि उत्तरी इडाहो, जिसे आमतौर पर "पैनहैंडल" के नाम से भी जाना जाता है, अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। यह क्षेत्र कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया, वाशिंगटन और मोंटाना राज्यों की सीमाओं से जुड़ा हुआ है। यहां की कोयूर डी'एलेन झील और हरे-भरे पहाड़ पर्यटन के प्रमुख केंद्र हैं । America News