
America News : अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर और उसके पांच प्रमुख उपनगरों में सोमवार रात अचानक आई मूसलधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। बाढ़ जैसे हालात ने मेट्रो सेवा, सड़कों और हवाई यात्रा पर गहरा असर डाला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यू जर्सी के गवर्नर फिलिप डी. मर्फी ने आपातकाल की घोषणा कर दी।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारी वर्षा के चलते कई मेट्रो स्टेशनों में पानी भर गया और प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। मेट्रो ट्रेन के डिब्बों में बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे यात्री फंसे रहे। वाहन पानी में डूब गए और पेट्रोल पंपों के फ्यूल डिवाइस तक क्षतिग्रस्त हो गए।
न्यू जर्सी में हालात और भी गंभीर बने हुए हैं। भारी बारिश से सैडल नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है, जबकि प्लेनफील्ड रेलवे स्टेशन पूरी तरह डूब गया। कई रेल व बस रूट बदले गए हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों में आपदा प्रबंधन एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसके अलावा फ्लाइट ट्रैकिंग साइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों में तीन घंटे तक की देरी हुई, जबकि नेवार्क लिबर्टी एयरपोर्ट पर दो घंटे की रुकावट दर्ज की गई।
क्वींस के रिचमंड हिल इलाके में बिजली गुल हो गई, जिससे लगभग एक हजार लोग प्रभावित हुए। मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (MTA) ने बताया कि मैनहट्टन में 1, 2 और 3 नंबर की सबवे लाइनें कुछ देर के लिए बंद रहीं, हालांकि बाद में इन्हें बहाल कर दिया गया। स्टेटन आइलैंड रेलवे और अन्य मार्गों पर भी परिचालन बाधित रहा। मौसम विज्ञानी जो वेगमैन के अनुसार, कुछ इलाकों में केवल पांच घंटे में सात इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई।
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने न्यूयॉर्क के सभी उपनगरों और न्यू जर्सी के मध्य हिस्सों के लिए बाढ़ की चेतावनी मंगलवार सुबह तक जारी रखी है। आपातकालीन विभाग ने निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों से ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने की अपील की है। राज्य पुलिस और प्रशासन लगातार जलभराव वाले मार्गों को बंद करवा रहे हैं। टैकोनिक स्टेट पार्कवे और स्प्रैन ब्रुक पार्कवे को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
America News