ट्रंप की सुरक्षा में भारी चूक, छह अमेरिकी एजेंटों पर गिरी गाज
Donald Trump
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:58 AM
Donald Trump : पिछले साल जुलाई में डोनाल्ड ट्रंप पर गोलीबारी की घटना के संबंध में अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने अपने छह एजेंटों को निलंबित कर दिया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई पिछले साल 13 जुलाई को पेंसिलवेनिया के बटलर में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के प्रयास से जुड़ी विफलताओं के सिलसिले में की गई है।
जांच में खुली सुरक्षा एजेंसियों की पोल
एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, 13 जुलाई 2024 को पेंसिलवेनिया के बटलर में हुई गोलीबारी की पहली बरसी से महज चार दिन पहले इन एजेंटों के निलंबन की पुष्टि की गई। इस दर्दनाक घटना में डोनाल्ड ट्रंप गंभीर रूप से घायल हो गए थे — हमले में उनकी कान से खून बहता देखा गया। वहीं, रैली स्थल पर मौजूद अग्निशमनकर्मी कोरी कॉम्पेरेटोरे की मौके पर ही गोली लगने से मौत हो गई ।
रैली के दौरान डोनाल्ड ट्रंप की सीक्रेट सर्विस के काउंटर स्नाइपर्स ने शूटर को मार गिराया था। उसकी पहचान एफबीआई ने 20 वर्षीय थॉमस मैथ्यू क्रूक्स के रूप में की थी। होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने गोलीबारी की घटना की जांच की। इसमें साफ हुआ कि कानून प्रवर्तन की कई खामियों का फायदा मैथ्यू ने उठाया। जांच में कहा गया कि सीक्रेट सर्विस अपने महत्वपूर्ण मिशन में विफल रही।
उल्लेखनीय है कि गोलीबारी की घटना के 10 दिन बाद सीक्रेट सर्विस की निदेशक किम्बर्ली चीटल ने इस्तीफा दे दिया था। निलंबित किए गए एजेंटों को अपील करने का अधिकार दिया गया है। निलंबित एजेंटों में कुछ अधिकारी भी हैं। बटलर में गोलीबारी की घटना के ठीक नौ हफ्ते बाद फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच स्थित गोल्फ कोर्स में भी ट्रंप पर दूसरी बार जानलेवा हमला हुआ था। इस घटना के बाद ट्रंप को राष्ट्रपति स्तर की सुरक्षा प्रदान की गई। इस चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप विजयी रहे। उन्होंने दूसरी बार राष्ट्रपति पद संभाला। Donald Trump