
Operation Sindoor : 6 मई की आधी रात जब देश नींद में डूबा था, भारतीय वायुसेना के जांबाज आसमान की ऊंचाइयों में उड़ान भरते हुए एक ऐसे मिशन पर निकले, जिसने सिर्फ पाकिस्तान के सैन्य ढांचे को हिलाकर रख दिया, बल्कि पूरी दुनिया को एक स्पष्ट संदेश दे डाला — भारत अब सिर्फ प्रतिक्रिया नहीं करता, भारत अब निर्णायक प्रहार करता है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ — एक ऐसा नाम, जो अब भारत की सैन्य गौरवगाथा में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।
पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 6 से 7 मई की मध्यरात्रि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर और मुरीदके में आतंकवादियों के नौ ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए। इन सटीक हमलों का मकसद आतंकियों की नाकामी को सुनिश्चित करना था, जिसमें आम जनता को कोई हानि नहीं पहुंचाई गई।
चार दिन तक चले इस सैन्य संघर्ष के दौरान, 9 से 10 मई की रात भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के महत्वपूर्ण एयरबेस — चकलाला, सरगोधा, मुरीद और भोलारी — पर सटीक और भयंकर हमले किए। इन हमलों ने पाकिस्तानी वायुसेना की कमर तोड़ दी और उनकी रणनीतिक क्षमताओं को गंभीर रूप से प्रभावित किया।
भारत के पास मौजूद एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली ने पाकिस्तान को आतंक फैलाने की पूरी योजना में फंसा दिया। पाकिस्तानी लड़ाकू विमान एस-400 के दहशत से सीमा के भीतर बहुत अंदर उड़ान भरने को मजबूर हुए, और वे नागरिक विमानों की आड़ में ही उड़ान भर रहे थे। इसके अलावा भारत ने ‘आकाश’, ‘शौर्य’, ‘समर’, और ‘सक्षम’ जैसे एयर डिफेंस सिस्टम को भी रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया था, जिससे पाकिस्तानी सेना को हवाई हमले की कोई गुंजाइश नहीं मिली।
8 मई की शाम को पाकिस्तान ने तुर्की और चीन से मिले ड्रोन के जरिए भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारत का सारा एयर डिफेंस नेटवर्क सियाचिन से लेकर नालिया तक पूरी तरह मुस्तैद था। छोटे कैलिबर की एल-70 और जेडयू-23 एयर डिफेंस गन ने पाकिस्तानी ड्रोन को हवा में ही रोक दिया।
पाकिस्तानी मिसाइलों की गुणवत्ता इतनी खराब थी कि भारत के कई इलाकों में उनके अवशेष बरामद हुए। वहीं भारतीय थलसेना ने भी जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी आर्टिलरी और रॉकेट सिस्टम के जरिए पाकिस्तानी सेना को बड़ा नुकसान पहुंचाया।
10 मई को भारत ने पाकिस्तान के भोलारी एयरबेस के हैंगर को निशाना बनाया, जहां कई आधुनिक लड़ाकू विमान, रडार और सर्विलांस विमान तैनात थे। इस हमले के बाद पाकिस्तानी वायुसेना के कई विमान तबाह हो गए, और यहां से आठ घंटे तक कोई विमान उड़ान नहीं भर सका। भारत के इस सटीक हमले के बाद पाकिस्तान अभी तक उस मलबे को हटाने में असमर्थ है। Operation Sindoor