मलेशिया के मुस्लिम पीएम का अंदाज देख पाकिस्तान में मच गई बेचैनी
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:04 AM
दुनिया में भारत का बढ़ता कद अब सिर्फ आंकड़ों या भाषणों से नहीं, बल्कि ऐसे छोटे-छोटे पलों से झलकता है, जो देश की प्रतिष्ठा का आईना बन जाते हैं। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के दौरान ऐसा ही एक लम्हा सामने आया, जिसने हर भारतीय का दिल गर्व से भर दिया। एक मुस्लिम देश के प्रधानमंत्री द्वारा भारतीय परंपरा में आदर के साथ अभिवादन ने सबका मन मोह लिया। ASEAN Summit :
मलेशिया के पीएम ने भारतीय परंपरा में अभिवादन किया
मलेशिया के मुस्लिम प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, सम्मेलन की बैठक में मौजूद थे। उनके सामने भारत की तरफ से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर बैठे थे। माहौल अनौपचारिक था, और सभी भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल जुड़ने का इंतजार कर रहे थे। तभी मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने बेहद आत्मीय अंदाज में जयशंकर की ओर मुड़कर पूछा— जयशंकर साहब, क्या प्राइम मिनिस्टर मोदी लाइन पर आ गए हैं? यह सवाल जितना सरल था, उसका भाव उतना ही गहरा। यह किसी कूटनीतिक औपचारिकता से ज्यादा, भारत के नेतृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक था। जैसे ही जयशंकर ने इशारे से पुष्टि की कि प्रधानमंत्री जुड़ चुके हैं, अनवर इब्राहिम मुस्कुराते हुए बोले— ओह, यस! और तुरंत दोनों हाथ जोड़कर भारतीय परंपरा में अभिवादन किया। कैमरे ने जब यह दृश्य कैद किया, तो वह क्षण सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
भारत अब वैश्विक राजनीति की धुरी बन चुका
दिलचस्प बात यह है कि यही मलेशिया कुछ महीने पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मेहमाननवाजी कर चुका था। उस वक्त शरीफ मदद मांगते हुए खुदी को कर बुलंद इतना...जैसी शायरी सुनाकर माहौल को हल्का करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन अब उसी देश के प्रधानमंत्री का यह शालीन और सम्मानजनक रवैया बताता है कि भारत की छवि कितनी मजबूत हो चुकी है। विश्लेषकों का मानना है कि यह पल सिर्फ़ एक वीडियो क्लिप नहीं, बल्कि एक कूटनीतिक संदेश भी है। भारत अब केवल एशिया की नहीं, बल्कि वैश्विक राजनीति की धुरी बन चुका है।