
अमेरिका में बहुचर्चित जेफरी एपस्टीन यौन तस्करी प्रकरण एक बार फिर सुर्खियों में है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की हाउस ओवरसाइट कमेटी के अध्यक्ष जेम्स कॉमर ने मंगलवार को अमेरिकी न्याय विभाग को एक औपचारिक समन जारी किया है। समन के तहत न्याय विभाग से यह मांग की गई है कि वह एपस्टीन और उसकी सहयोगी गिस्लेन मैक्सवेल से जुड़ी तमाम फाइलें 19 अगस्त तक सौंपे। कॉमर ने स्पष्ट किया कि यह कदम इस मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा, "संघीय सरकार द्वारा यौन तस्करी कानूनों के क्रियान्वयन और एपस्टीन व मैक्सवेल की जांच-पड़ताल की गहन निगरानी करना कांग्रेस की जिम्मेदारी है। International News
कॉमर द्वारा केवल न्याय विभाग ही नहीं, बल्कि पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और हिलेरी क्लिंटन को भी समन भेजा गया है, जिसमें उनसे गवाही देने की अपेक्षा की गई है। यही नहीं, समन की सूची में अमेरिका के कई पूर्व शीर्ष अधिकारी भी शामिल हैं – जिनमें जेम्स कॉमी, लोरेटा लिंच, एरिक होल्डर, मेरिक गारलैंड, रॉबर्ट म्यूलर, विलियम बार, जेफ सेशंस और अल्बर्टो गोंजालेस जैसे नाम प्रमुख हैं।
इस प्रकरण में वर्षों से रिपब्लिकन खेमे की ओर से कई सवाल उठाए जाते रहे हैं। विशेषकर एपस्टीन की कथित "ग्राहक सूची" को लेकर अटकलें तेज रही हैं। हालांकि हाल ही में FBI और न्याय विभाग ने एक संक्षिप्त बयान में स्पष्ट किया था कि ऐसी कोई सूची आधिकारिक रूप से मौजूद नहीं है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एपस्टीन से कथित संबंधों को लेकर भी यह मामला राजनीतिक रंग ले चुका है। ट्रंप इस विषय पर पहले भी सार्वजनिक रूप से अपनी राय व्यक्त कर चुके हैं।
ओवरसाइट कमेटी के डेमोक्रेटिक रैंकिंग सदस्य रॉबर्ट गार्सिया ने इस कदम को ‘सच सामने लाने की दिशा में उठाया गया आवश्यक कदम’ बताया है। उन्होंने कहा कि यह समन "एपस्टीन मामले से जुड़ी फाइलों पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के हमारे संकल्प का हिस्सा है। बता दें कि जेफरी एपस्टीन पर नाबालिग लड़कियों की यौन तस्करी और शोषण के गंभीर आरोप थे। वर्ष 2019 में गिरफ्तारी के बाद जेल में उसने आत्महत्या कर ली थी। उसकी सहयोगी गिस्लेन मैक्सवेल को 2020 में ट्रंप सरकार के दौरान गिरफ्तार किया गया था और 2021 में अदालत ने उन्हें दोषी करार देते हुए सजा सुनाई। वह फिलहाल जेल में है। International News