
Pakistan News : पाकिस्तान के दक्षिण वजीरिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में पाकिस्तानी सेना का मेजर मोइज अब्बास शाह मारा गया है। यही वही अधिकारी है जिसे लेकर पाकिस्तान दावा करता रहा है कि उसने 2019 में बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद भारतीय वायुसेना के जांबाज़ अधिकारी विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को पकड़ा था।
पाकिस्तान सेना की मीडिया इकाई इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के अनुसार, यह मुठभेड़ सोमवार को दक्षिणी वजीरिस्तान के सरोघा इलाके में एक खुफिया-आधारित ऑपरेशन के दौरान हुई। कार्रवाई के दौरान मेजर मोइज अब्बास शाह के साथ लांस नायक जिब्रान भी मारे गए। सेना का दावा है कि इस ऑपरेशन में TTP के 11 आतंकियों को भी ढेर कर दिया गया।
डॉन न्यूज ने ISPR के हवाले से बताया कि यह ऑपरेशन आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद शुरू किया गया था। बता दें कि 27 फरवरी 2019 को भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन का मिग-21 पाकिस्तान की सीमा में जा गिरा था। पाकिस्तान की ओर से दावा किया गया था कि उन्हें घायल अवस्था में पाक सेना ने पकड़ा और बाद में उन्हें भारत को सौंपा गया। इसी दौरान मेजर मोइज अब्बास शाह का नाम सामने आया था। Pakistan News