
Pakistan News : पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक बार फिर रेल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पेशावर से क्वेटा जा रही जाफर एक्सप्रेस उस वक्त हादसे का शिकार हो गई, जब जाकोबाबाद के पास पटरियों पर एक जोरदार विस्फोट हुआ। इस धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ट्रेन की चार बोगियां पटरी से उतर गईं। रेलवे प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और वैकल्पिक परिवहन के ज़रिए उनकी यात्रा आगे बढ़ाई जा रही है।
घटनास्थल से जुटाए गए शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि धमाका सुनियोजित साजिश या तोड़फोड़ का नतीजा हो सकता है। हालांकि, अब तक किसी भी आतंकवादी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है, और न ही अधिकारियों की ओर से इसकी औपचारिक पुष्टि की गई है। रेलवे ट्रैक की मरम्मत का कार्य तेज़ी से चल रहा है, जबकि अन्य ट्रेनों की आवाजाही को फिलहाल अस्थायी रूप से रोका गया है। सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल पर डेरा डाले हुए हैं और जांच के विभिन्न पहलुओं को खंगाल रही हैं।
जाफर एक्सप्रेस पहले भी हिंसा का निशाना बन चुकी है। कुछ माह पूर्व बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस ट्रेन को बंधक बना लिया था। उस घटना में BLA के सशस्त्र उग्रवादियों ने ट्रेन को बलूचिस्तान के एक सुनसान क्षेत्र में रोककर करीब 400 यात्रियों को घंटों तक बंधक बनाए रखा था। BLA का यह कदम बलूचिस्तान में कथित सैन्य उत्पीड़न और मानवाधिकार उल्लंघनों के खिलाफ विरोध जताने का प्रयास था। बाद में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों और BLA के बीच तीव्र संघर्ष हुआ, जिसमें दोनों ओर से नुकसान हुआ। हालांकि, संघर्ष के बाद BLA ने यात्रियों को रिहा कर दिया था। Pakistan News