कंबोडिया पर झूठ फैलाने का आरोप, थाई सेना ने किया पलटवार
Thailand:
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 11:36 AM
Thailand: थाईलैंड की सेकेंड आर्मी एरिया के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बूनसिन पैडक्लांग ने अपनी मौत की खबर का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि वह देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर अपने सैनिकों के साथ लड़ रहे हैं। कमांडर पैडक्लांग ने आज कहा कि कंबोडिया ने अफवाह फैलाकर थाई सैनिकों का मनोबल गिराने की कोशिश की है कि वह कंबोडियाई बलों के हाथों मारे गए हैं।
स्थिति सुधरने तक करूंगा रक्षा
थाईलैंड के अखबार द नेशन की खबर के अनुसार, बूनसिन ने कहा कि कंबोडिया ने तस्वीर के साथ भी छेड़छाड़ की है। उन्होंने कहा, "मैं अभी भी सीमा पर हूं। अपने लोगों की सुरक्षा के लिए थाई-कंबोडियाई सीमा क्षेत्र में थाई सैनिकों के साथ लड़ रहा हूं। मैं तब तक देश की संप्रभुता की रक्षा करता रहूंगा जब तक स्थिति में सुधार नहीं हो जाता।"
बिना उकसावे के हमले करने का आरोप
इस बीच थाई सशस्त्र बलों के प्रवक्ता मेजर जनरल विथाई लैथोम्य ने कंबोडिया के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल माली सोचेता के दावों का खंडन किया है। सोचेता ने थाईलैंड पर कंबोडियाई की संप्रभुता का उल्लंघन करने और बिना उकसावे के हमले करने का आरोप लगाया था। विथाई ने आरोपों को निराधार और झूठा बताते हुए खारिज कर दिया।
सुरीन के गवर्नर चमन चुएंटा ने प्रभावित नागरिकों की सहायता सुनिश्चित करने के लिए प्रांत को युद्ध आपदा क्षेत्र घोषित किया है। चुएंटा ने रविवार को सभी जिला प्रमुखों, प्रांतीय प्रशासनिक संगठन के अध्यक्ष और सूरीन नगर पालिका के महापौर को सीमा पर बढ़ती हिंसा के मद्देनजर एक निर्देश जारी किया।