
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर शहर में रविवार रात एक जोरदार IED (improvised explosive device) विस्फोट हुआ, जिसमें पाकिस्तानी सेना के छह जवानों की मौत हो गई। यह धमाका न्यू टाउन इलाके में उस समय हुआ जब सेना की एक गश्ती वाहन पर अज्ञात हथियारबंद आतंकवादियों ने हमला किया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि वाहन पूरी तरह तबाह हो गया। सोमवार सुबह करीब 10 बजे सेना ने वहां से मलबा साफ कर दिया। Balochistan
इस हमले को लेकर पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सख्ती बढ़ा दी है। खबर है कि केच जिले के मांड क्षेत्र में भी हथियारबंद समूहों ने माहीर और सोरो सैन्य ठिकानों पर एक साथ हमला बोला। इस हमले के दौरान भारी गोलीबारी और कई विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं।
इसी बीच, अवारन जिले के झाओ इलाके में भी आतंकियों ने मुख्य सड़क पर स्थित लेवीज चौकी पर धावा बोल दिया। इस हमले में चौकी पर तैनात जवानों से हथियार छीन लिए गए और चौकी को आग के हवाले कर दिया गया। झाओ नौंद्रा में एक अन्य सैन्य चौकी पर भी हमला हुआ, जहां आतंकियों ने कथित तौर पर एक क्वाडकॉप्टर को गिरा दिया। वाशुक जिले के बसिमा इलाके में सोमवार रात केंद्रीय सैन्य शिविर के आसपास करीब आधे घंटे तक लगातार गोलीबारी और विस्फोट होते रहे। स्थानीय लोगों ने 14 से अधिक धमाकों की आवाजें सुनीं, लेकिन हताहतों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
खुजदार जिले के जेहरी क्षेत्र के बुलबुल, तरासानी और गजान इलाकों में भी सेना का अभियान लगातार जारी है। सूत्रों के मुताबिक, अभियान के दौरान कई बार सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच टकराव हुए। इस दौरान सैन्य हेलीकॉप्टर लगातार इलाके का निगरानी करते हुए ऊपर से उड़ान भरते रहे। Balochistan