भारत बनेगा फार्मा पावरहाउस? अमेरिकी कंपनी करेगी ₹8,880Cr का निवेश
भारत
चेतना मंच
06 Oct 2025 04:12 PM
भारत के लिए अमेरिका से एक अच्छी खबर आई है। दिग्गज अमेरिकी फार्मा कंपनी एली लिली एंड कंपनी (Eli Lilly) ने भारत में 1 अरब डॉलर (करीब ₹8,880 करोड़) के बड़े निवेश का ऐलान किया है। यह निवेश अगले कुछ वर्षों में तेलंगाना में किया जाएगा जहां कंपनी एक नया हाई-टेक सेंटर स्थापित करेगी। International News
क्या है कंपनी का प्लान?
Eli Lilly ने अपने बयान में कहा है कि यह रणनीतिक निवेश कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन को भारत में मजबूत करेगा। कंपनी भारत को अपने ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क का एक अहम हिस्सा बनाना चाहती है। हैदराबाद में खुलने वाला नया सेंटर उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी क्षमताएं प्रदान करेगा जो न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के लिए दवाओं की आपूर्ति को बेहतर बनाएगा।
इन बीमारियों पर फोकस
कंपनी का फोकस भारत में उन दवाओं के उत्पादन को बढ़ाने पर है जिनकी ग्लोबल डिमांड तेजी से बढ़ रही है। जैसे-मधुमेह (डायबिटीज), मोटापा (Obesity), अल्जाइमर, कैंसर, इम्यूनिटी से जुड़ी बीमारियां। यही नहीं, Eli Lilly हाल ही में भारत में अपनी मशहूर वजन घटाने वाली दवा "Mounjaro" लॉन्च कर चुकी है जिसकी दुनियाभर में भारी डिमांड है।
भारत पर कंपनी को भरोसा
Eli Lilly के इंटरनेशनल एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट पैट्रिक जॉनसन ने कहा, "हम भारत को अपने ग्लोबल सप्लाई नेटवर्क का प्रमुख केंद्र मानते हैं। यह निवेश हमारे भरोसे को दर्शाता है कि भारत में तकनीक, टैलेंट और संभावनाएं अपार हैं।"
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने इस निवेश का स्वागत करते हुए कहा, "हैदराबाद अब ग्लोबल हेल्थ इनोवेशन का हब बनता जा रहा है।" वहीं राज्य के उद्योग मंत्री श्रीधर बाबू ने कहा कि तेलंगाना की तकनीक आधारित विकास नीति और बिजनेस फ्रेंडली माहौल बहुराष्ट्रीय कंपनियों को आकर्षित कर रहे हैं। International News