France News : भारत की यूपीआई से अब फ्रांस में भी करें भुगतान : पीएम मोदी
Now pay in France with India's UPI: PM Modi
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 05:48 AM
पेरिस। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भुगतान प्रणाली ‘यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस’ (यूपीआई) के इस्तेमाल को लेकर भारत और फ्रांस के बीच सहमति बनी है। इसके परिणामस्वरूप अब यहां इसका उपयोग किया जा सकेगा। इसके साथ ही भारतीय नवाचार के लिए एक बड़ा बाजार खुलेगा। मोदी ने यहां एक कला केंद्र में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही।
France News
एफिल टॉवर से होगी यूपीआई से भुगतान की शुरुआत
पीएम मोदी ने कहा कि बहुत जल्द ही भारतीय पर्यटक एफिल टॉवर के पास यूपीआई का उपयोग कर रुपये में भुगतान कर सकेंगे। भारत की यूपीआई भुगतान प्रणाली के इस्तेमाल को लेकर फ्रांस के साथ एक समझौता हुआ है। इसकी शुरुआत एफिल टावर से की जाएगी। अब भारतीय पर्यटक एफिल टावर में यूपीआई प्रणाली के जरिए रुपये में भुगतान कर सकेंगे। वर्ष 2022 में यूपीआई सेवाएं प्रदान करने वाली प्रमुख संस्था नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने फ्रांस की तेज और सुरक्षित ऑनलाइन भुगतान प्रणाली 'लायरा' के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे।
पीजी की पढ़ाई के लिए छात्रों को मिलेगा पांच साल का वीजा
मोदी ने कहा कि फ्रांस ने स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए दीर्घकालिक पांच साल का वीजा देने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के लोगों से भारत में बड़े पैमाने पर निवेश करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में उभरने के लिए तेजी से प्रगति कर रहा है। आज प्रत्येक रेटिंग एजेंसी कह रही है कि भारत एक उज्ज्वल स्थान है। अब आप भारत में निवेश करें। यही उपयुक्त समय है। जो लोग जल्दी निवेश करेंगे, उन्हें उसका लाभ मिलेगा।
चार दशक पुराने व्यक्तिगत संबंधों को याद किया
मोदी ने फ्रांस के साथ कम से कम चार दशक पुराने अपने व्यक्तिगत संबंधों को भी याद किया, जब वह 1981 में अहमदाबाद में ‘एलायंस फ्रैंकेइस सेंटर’ के पहले सदस्य बने थे। उन्होंने कहा कि फ्रांस से मेरा लगाव काफी पुराना है। मैं इसे कभी नहीं भूल सकता। लगभग 40 साल पहले गुजरात के अहमदाबाद में फ्रांस का एक सांस्कृतिक केंद्र शुरू किया गया था। उसी केंद्र के पहले सदस्य आज आपसे बात कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी और विविधता की जननी है। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। भारत में 100 से अधिक भाषाएं, 1,000 से अधिक बोलियां हैं। इन भाषाओं में प्रतिदिन 32,000 से अधिक समाचार पत्र प्रकाशित होते हैं।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।
#francenews #upi #india #pmmodi