नेपाल के बाद अब फ्रांस में गुस्से की आग! तैनात किए गए 80,000 पुलिसकर्मी
भारत
चेतना मंच
10 Sep 2025 02:21 PM
नेपाल के बाद अब फ्रांस में भी जनता का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है। भ्रष्टाचार, महंगाई और सरकारी नीतियों के खिलाफ लोगों का आक्रोश इस कदर बढ़ गया है कि पूरे देश में अराजकता फैल गई है। हालात बेकाबू होते देख फ्रांसीसी सरकार को 80,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल तैनात करने पड़े हैं। France Protest
अब फ्रांस में भी विरोध की लहर
नेपाल में हाल ही में भ्रष्टाचार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन हुए, जिसके चलते प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा और सरकार का तख्तापलट हो गया। अब फ्रांस में भी कुछ वैसी ही तस्वीरें देखने को मिल रही हैं। राजधानी पेरिस सहित कई बड़े शहरों में भारी हिंसा और तोड़फोड़ के मामले सामने आए हैं।
'ब्लॉक एवरीथिंग' आंदोलन ने मचाई तबाही
फ्रांस में यह आंदोलन 'Block Everything' नाम से शुरू हुआ है जिसने देखते ही देखते पूरे देश को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर कचरे के डिब्बे और बैरिकेड्स लगाकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया है। पेरिस, मार्सिले और बोरदॉ जैसे शहरों में रेलवे स्टेशन और चौराहों पर भीड़ का कब्जा है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगहों पर टकराव हुआ है। अब तक 50 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
नई सरकार के खिलाफ बगावत
यह विरोध प्रदर्शन ऐसे वक्त में शुरू हुआ है जब राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने नए प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू की नियुक्ति की है। उन्होंने फ्रांस्वा बायरो की जगह ली है जिन्हें संसद में बहुमत न मिलने के कारण इस्तीफा देना पड़ा। बायरो ने देश की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए £35 अरब की बजट कटौती का प्रस्ताव रखा था, लेकिन जनता इसे स्वीकार नहीं कर पाई।
सोशल मीडिया पर उकसावे के वीडियो
सरकार के खिलाफ यह विरोध अब महज प्रदर्शन नहीं बल्कि अराजकता में बदलता जा रहा है। सोशल मीडिया पर कुछ ग्रुप्स ने लोगों से तेल डिपो, सुपरमार्केट और पेट्रोल पंपों को लूटने की अपील की है। पुलिस को अंदेशा है कि अगले कुछ दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। यह आंदोलन 2018 में हुए 'येलो वेस्ट्स' आंदोलन की याद दिला रहा है जिसने उस वक्त भी फ्रांस की राजनीति को हिला दिया था और राष्ट्रपति मैक्रों को कई फैसलों पर पुनर्विचार करना पड़ा था।
नेपाल के बाद फ्रांस में भड़के इस जनविरोध ने वैश्विक राजनीतिक अस्थिरता और लोकतंत्र में जनाक्रोश की ताकत को फिर से उजागर कर दिया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या मैक्रों सरकार इस बगावत से निपट पाएगी, या फ्रांस भी नेपाल की राह पर चल पड़ेगा? France Protest