
UAE Golden Visa : संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में स्थायी निवास को लेकर बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर जो खबरें चल रही थीं, वे पूरी तरह भ्रामक साबित हुई हैं। दुबई की निजी कंपनी Rayad Group ने बुधवार को सार्वजनिक बयान जारी कर इन दावों को निराधार बताया और इसके लिए जनता से औपचारिक माफी मांगी है।
बीते हफ्ते दावा किया गया था कि अब भारतीय नागरिक केवल 23.30 लाख रुपये का एकमुश्त भुगतान कर UAE का आजीवन गोल्डन वीजा प्राप्त कर सकते हैं। लेकिन अब स्वयं रायद समूह ने स्पष्ट कर दिया है कि न तो ऐसा कोई आधिकारिक प्रोग्राम मौजूद है और न ही उन्होंने या UAE सरकार ने ऐसी कोई सुविधा शुरू की है।
Rayad Group ने बयान में स्वीकार किया कि उनके द्वारा जारी की गई जानकारियों ने जनता को भ्रमित किया और UAE सरकार की आधिकारिक नीतियों का सटीक प्रतिनिधित्व नहीं किया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस भ्रम की स्थिति के चलते अब वे गोल्डन वीजा से जुड़ी कोई सलाहकार सेवा नहीं देंगे।
बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, रायद ग्रुप ने यह भी स्पष्ट किया कि वे गोल्डन वीजा से जुड़ी किसी गारंटीकृत योजना, एकमुश्त शुल्क वाले प्रोग्राम या आजीवन निवास सुविधा में शामिल नहीं हैं और न ही इसका समर्थन करते हैं।
जैसे ही यह मुद्दा व्यापक हुआ, UAE के संघीय पहचान, नागरिकता, सीमा शुल्क और पोर्ट सुरक्षा प्राधिकरण (ICP) ने इन दावों का खंडन किया और साफ किया कि गोल्डन वीजा के लिए आवेदन केवल सरकारी अधिकृत माध्यमों से ही स्वीकार किए जाते हैं। साथ ही झूठे दावे फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गई है।
प्रचलित रिपोर्टों में यह भी कहा गया था कि अब UAE में स्थायी निवास के लिए किसी संपत्ति या व्यापार में बड़े निवेश की आवश्यकता नहीं है, और एक नॉमिनेशन-आधारित वीजा नीति के तहत कम शुल्क पर आजीवन वीजा उपलब्ध है। इस दावे में कहा गया था कि नई योजना के तहत केवल 1,00,000 AED (करीब 23 लाख रुपये) देकर वीजा लिया जा सकता है।
जबकि वास्तविकता यह है कि आज भी UAE का गोल्डन वीजा पाने के लिए कम से कम 2 मिलियन AED (करीब 4.66 करोड़ रुपये) की संपत्ति में निवेश की आवश्यकता है। इससे कम पर आजीवन निवास के कोई नियम या सुविधा अस्तित्व में नहीं है। UAE Golden Visa